नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल, Monsoon Rain in MP। मध्य प्रदेश में मानसून पूरे जोर पर है। बंगाल की खाड़ी, उत्तरी-पश्चिमी मध्य प्रदेश और बांग्लादेश से सटे हिस्सों में बने कम दबाव के क्षेत्रों ने एक साथ तीन सिस्टम को सक्रिय कर दिया है। इसके साथ ही दक्षिण राजस्थान से मध्य प्रदेश (Weather of MP) के मध्य भाग से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक मानसूनी ट्रफ लाइन बनी हुई है।
वहीं अरब सागर से मिल रही आद्रता (नमी) के चलते प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ल के अनुसार, अगले 48 घंटे उत्तर-पश्चिमी प्रदेश में भारी वर्षा संभावित है। खासकर नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, आलीराजपुर और आसपास के जिलों में अच्छी वर्षा की संभावना जताई गई है।
पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर और शहडोल संभागों में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी इन क्षेत्रों में मौसम को और भी सक्रिय बना रही है।
यहां भी क्लिक करें - यूपी के इन जिलों में 17 जुलाई तक होगी बारिश, यहां छाए रहेंगे बादल
यहां भी क्लिक करें - 15 जुलाई से बदलेगा मौसम का मिजाज, मानसून फिर लेगा करवट
राजधानी भोपाल में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। सोमवार को दिनभर बादल छाए रहे और कहीं-कहीं रुक-रुक कर वर्षा होती रही। मौसम वैज्ञानिक दिव्या सुरेंद्रन के अनुसार मंगलवार को भी शहर में कहीं-कहीं रुक-रुक कर वर्षा होती रहेगी। वहीं बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को भी शहर में हल्की बारिश हो सकती है। नमी का स्तर बढ़ने से वातावरण में उमस बनी हुई है।