MP AYUSH Counselling 2026: प्रदेश के 66 आयुष कॉलेजों में 2700 से ज्यादा सीटें खाली, 28 अक्टूबर से चॉइस फिलिंग
स्टेट कोटे के अभ्यर्थी 28 से 30 अक्टूबर तक च्वाइस फिलिंग कर सकेंगे। तीन नवंबर को सीट आवंटन होगा और चार से छह नवंबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। ऑल इंडिया कोटे में 31 अक्टूबर को सीट आवंटन और दो से तीन नवंबर तक प्रवेश होगा।
Publish Date: Sun, 25 Oct 2026 02:10:08 PM (IST)Updated Date: Sun, 25 Oct 2026 02:10:08 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- सत्र 2026-27 के तीसरे चरण में कुल 2776 सीटें खाली
- स्टेट कोटे के अभ्यर्थी 28 से 30 अक्टूबर तक च्वाइस फिलिंग
- ऑल इंडिया कोटे में 31 अक्टूबर को सीट आवंटन, 3 नवंबर तक प्रवेश
नईदुनिय प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में आयुष यूजी काउंसलिंग सत्र 2026-27 के तृतीय चरण में 2700 से ज्यादा सीटें खाली हैं। संचालनालय आयुष के शेड्यूल के अनुसार एमपी ऑनलाइन के माध्यम से स्टेट और ऑल इंडिया कोटा की आयुर्वेद बीएएमएस, यूनानी बीयूएमएस, होम्योपैथी बीएचएमएस और नैचरोपैथी एंड योगा बीएनवाईएस की काउंसलिंग जारी है।
66 कॉलेजों में सीटें खाली
स्टेट कोटे में रिक्त 1089 सीटें, अपग्रेड की हुई 1172 सीटें और नए जुड़े कॉलेजों की 119 सीटों को मिलाकर कुल 2380 सीटें खाली हैं। इसी तरह ऑल इंडिया कोटे में रिक्त 217 सीटें, अपग्रेड की हुई 94 सीटें और नए जुड़े कॉलेजों की 22 सीटों समेत कुल 333 सीटें खाली हैं। इसके अलावा नैचरोपैथी एंड योगा की 63 सीटें भी रिक्त हैं।
इस तरह स्टेट और ऑल इंडिया दोनों को मिलाकर कुल 2776 सीटें तृतीय चरण में रिक्त हैं। प्रदेश में 66 आयुष कॉलेजों में साढ़े चार हजार से ज्यादा सीटें हैं।
शेड्यूल जारी
संचालनालय आयुष द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार स्टेट कोटे में 28 से 30 अक्टूबर तक च्वॉइस फिलिंग होगी, तीन नवंबर को सीट आवंटन होगा और चार से छह नवंबर तक अलॉटेड कॉलेज में प्रवेश होगा। ऑल इंडिया कोटे में 31 अक्टूबर को सीट आवंटन होगा और दो से तीन नवंबर तक प्रवेश होगा।
कुछ आयुष कॉलेज न्यायालय के आदेश के बाद आगे आने वाले काउंसलिंग राउंड में जुड़ सकते हैं, जिससे सीटें बढ़ने की संभावना है।- डॉ. राकेश पाण्डेय, राष्ट्रीय प्रवक्ता, आयुष मेडिकल एसोसिएशन