भोपाल: मां और दो बच्चों की जहर खाने से मौत, अरवलिया में पड़ोसियों ने गेट तोड़कर निकाला
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह देवरानी से विवाद और पति से कहासुनी के बाद महिला बच्चों को स्कूल से छुट्टी से पहले घर ले आई। आरोप है कि उसने खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर खुद और दोनों बच्चों को खिला दिया।
By Brajendra rishishwarEdited By: bhupendra Singh Rajput
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 11:56:56 AM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 12:00:53 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम अरवलिया की घटना
- पारिवारिक विवाद में उठाया खौफनाक कदम
- स्कूल से बच्चों को लाई, खाने में मिलाया जहरीला पदार्थ
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के ग्रामीण क्षेत्र स्थित थाना ईंटखेड़ी के ग्राम अरवलिया में पारिवारिक विवाद के चलते एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। लोटस गार्डन के पीछे रहने वाली 37 वर्षीय महिला ने देवरानी -देवर विवाद और पति से हुई कहासुनी के बाद अपने दो मासूम बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। शनिवार रात में हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान मां और दोनों बच्चों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम अरवलिया निवासी फईम खान पंचर बनाने की दुकान चलाते हैं। शनिवार शाम को फईम की पत्नी रुकसाना (37), उनकी 12 वर्षीय बेटी रुकईया और 8 वर्षीय बेटे फैजल की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों व पड़ोसियों ने उन्हें गंभीर हालत में हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उपचार के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। रविवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
सामान मांगने को लेकर हुआ था विवाद
भोपाल देहात के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पंकज पांडेय ने बताया कि फईम के घर से सटकर ही उनके छोटे भाई का परिवार रहता है। शनिवार सुबह रुकसाना बच्चों को स्कूल भेजने के बाद अपने देवर के घर कुछ सामान मांगने गई थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका अपनी देवरानी से विवाद हो गया। घर लौटने पर इसी मुद्दे को लेकर रुकसाना की अपने पति फईम से भी कहासुनी हुई। इसके बाद फईम अपनी दुकान पर चला गया।
स्कूल से बच्चों को लाकर खाने में दिया जहर
पति के दुकान जाने के बाद रुकसाना बच्चों के स्कूल पहुंचीं और छुट्टी से पहले ही उन्हें घर ले आईं। घर आने के बाद उन्होंने अंदर से दोनों तरफ के दरवाजे बंद कर लिए और खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर खुद खाया तथा दोनों बच्चों को भी खिला दिया।
बच्चाें की चीख सुनकर पड़ोसियों ने निकाला
जहर के असर से जब बच्चों की जोर-जोर से चीखने की आवाजें बाहर आईं, तो आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजे बंद होने पर पड़ोसियों ने तुरंत दुकान से फईम को बुलाया और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए। अंदर तीनों बेसुध हालत में पड़े थे।
शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद के चलते यह कदम उठाने की बात सामने आ रही है। मृतका के मायके पक्ष और अन्य स्वजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके बाद घटना के वास्तविक कारण और स्पष्ट हो सकेंगे।- पंकज पांडेय, पुलिस अधीक्षक (भोपाल देहात)