
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के ग्रामीण क्षेत्र स्थित थाना ईंटखेड़ी के ग्राम अरवलिया में पारिवारिक विवाद के चलते एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। लोटस गार्डन के पीछे रहने वाली 37 वर्षीय महिला ने देवरानी-देवर विवाद और पति से हुई कहासुनी के बाद अपने दो मासूम बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। शनिवार रात में हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान मां और दोनों बच्चों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम अरवलिया निवासी फईम खान धार्मिक शिक्षा के साथ मैकेनिक की दुकान चलाते हैं। शनिवार को फईम की पत्नी रुकसाना (37), छठी कक्षा में पढ़ने वाली उनकी 12 वर्षीय बेटी रुकईया और दूसरी कक्षा में पढ़ने वाला 8 वर्षीय बेटे फैजल की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों व पड़ोसियों ने उन्हें गंभीर हालत में हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उपचार के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। रविवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों के सुपुर्द किया गया।
भोपाल देहात के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पंकज पांडेय ने बताया कि फईम के घर से सटकर ही उनके छोटे भाई का परिवार रहता है। शुक्रवार को रुकसाना से उसके छोटे भाई की पत्नी ने कुछ सामान मांगा था, जिसे पर उसने मना कर दिया था। इसको लेकर रुकसाना के घर में पति और पत्नी में विवाद हुआ था।
शनिवार बच्चों को स्कूल भेजने के बाद रुकसाना की अपने पति फईम से भी अच्छी खासी कहासुनी हुई। इसके बाद फईम अपनी दुकान पर चला गया।पुलिस का क्हना है कि अक्सर देवर- देवरानी को लेकर विवाद होने की जानकारी भी मिली है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में 50 लाख के लिए पिता-बहन का कत्ल... 5 मिनट के CCTV में कैद वारदात, कमरे में गूंजीं बहन की चीखें
पति के दुकान जाने के बाद रुकसाना बच्चों के स्कूल पहुंचीं और छुट्टी से पहले ही उन्हें घर ले आईं। घर आने के बाद उन्होंने अंदर से दोनों तरफ के दरवाजे बंद कर लिए और घर आने के बाद जहरीला पदार्थ मिलाकर खुद खाया तथा दोनों बच्चों को भी खिला दिया।
जहर के असर से जब बच्चों की जोर-जोर से चीखने की आवाजें बाहर आईं, तो आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजे बंद होने पर पड़ोसियों ने तुरंत दुकान से फईम को बुलाया और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए। अंदर तीनों बेसुध हालत में पड़े थे।
शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद के चलते यह कदम उठाने की बात सामने आ रही है। मृतका के मायके पक्ष और अन्य स्वजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके बाद घटना के वास्तविक कारण और स्पष्ट हो सकेंगे।- पंकज पांडेय, पुलिस अधीक्षक (भोपाल देहात)