
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। कालानी नगर निवासी राजू यादव और उसकी बेटी हर्षिता की हत्या का आरोपी हर्ष यादव फ्लाइट में बैठकर दिल्ली भाग गया। वारदात के बाद उसने इत्मीनान से घर की तलाशी ली और ज्वेलरी व नकदी रुपये निकाल लिए। पुलिस की तीन टीमें उसका पीछा कर रही हैं। वह बार-बार लोकेशन बदल लेता है।
डीसीपी जोन-1 नरेंद्र सिंह रावत के मुताबिक हत्या रुपयों को लेकर हुई है। 50 वर्षीय राजू ऑटो रिक्शा चलाता था। उसकी पत्नी का निधन हो चुका है। राजू ने एक साल पूर्व अशोक नगर स्थित मकान का सौदा 50 लाख रुपये में कर दिया था। हर्ष उसमें से हिस्सा मांग रहा था। चाल-चलन ठीक न होने के कारण राजू ने उसको रुपये देने से इनकार कर दिया और वह बेटी हर्षिता के साथ कालानी नगर में अरविंद कोठारी के मकान में रहने आ गया।
हर्ष ने पिता और बहन की हत्या कर रुपये लूटने की साजिश की और गोंडा निवासी अमन को साथ कर लिया। अमन सार्थक सिटी में किराये से रहता है। 2 दिसंबर को उसके भाई की शादी है। उसको रुपयों की आवश्यकता भी थी। हर्ष ने अरिहंत नगर (गांधीनगर) में किराये से रूम ले लिया था। साजिश के तहत अमन ने राजू का ऑटो रिक्शा कर सामान लेने के बहाने अरिहंत नगर ले गया। मदद के लिए वह रूम में ले गया और दरवाजा बंद कर दिया।
हर्ष ने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। शव को बोरे में भरा और तड़के तीन बजे हातोद थाना क्षेत्र स्थित बड़ी कलमेर के पास नाले में फेंक दिया। दोनों ऑटो रिक्शा से सीधे कालानी नगर पहुंचे और हर्षिता की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात कर दोनों ने अलमारी से सोने के आभूषण और नकदी रुपये निकाल लिए। अमन को छोड़ दिया और खुद फ्लाइट से दिल्ली भाग गया।
पुलिस को कालानी नगर का एक फुटेज हाथ लगा है। आरोपी हर्ष ऑटो रिक्शा रोककर पैदल गया और दरवाजे की आड़ लेकर उसने घंटी बजाई। ऑटो देखकर हर्षिता ने दरवाजा खोल दिया। हर्ष ने घुसते ही मुंह दबाया और हर्षिता को खींचकर अंदर ले गया। रिकॉर्डिंग में हर्षिता के रोने की आवाज सुनाई दे रही है। उसके चिल्लाने पर अमन भी भागकर घर में घुस गया और दरवाजा बंद कर दिया। टीआई मनोज सेंधव के अनुसार पुलिस अन्य जगहों के भी सीसीटीवी फुटेज निकाल रही है।
यह भी पढ़ें- रतलाम, उज्जैन और इंदौर के यात्रियों को रेलवे का तोहफा! इस दिन से चलेंगी 6 स्पेशल ट्रेनें, देखें शेड्यूल