
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के सामने आगामी तीन महीने में लगातार परीक्षाओं और शैक्षणिक गतिविधियों का दबाव रहेगा। एक ओर स्कूलों में अभी तक करीब 50 प्रतिशत पाठ्यक्रम ही पूरा हो पाया है, वहीं दूसरी ओर दिसंबर से मार्च तक परीक्षाओं का सिलसिला चलेगा।
वर्तमान में स्कूलों में छमाही परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। इसके बाद सात दिसंबर को राष्ट्रीय बालरंग, कला उत्सव सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। जनवरी में प्री-बोर्ड और फरवरी में बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। ऐसे में पाठ्यक्रम पूरा करने के साथ विद्यार्थियों को रिवीजन और अभ्यास का पर्याप्त समय मिलना मुश्किल है।
सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को प्री-बोर्ड परीक्षा में सामने आने वाली कमजोरियों को दूर करने के लिए करीब 20 दिन ही मिल सकेंगे। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) के अकादमिक कैलेंडर के अनुसार प्री-बोर्ड परीक्षाएं पांच से 13 जनवरी तक प्रस्तावित हैं। हालांकि, विभाग इन्हें जनवरी के दूसरे सप्ताह से भी शुरू कर सकता है।
प्री-बोर्ड की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन और परिणाम तैयार करने में ही आठ से दस दिन लग सकते हैं। इसके बाद विद्यार्थियों के पास कमजोर विषयों की तैयारी और अभ्यास के लिए सीमित समय बचेगा।
माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 19 मार्च तक आयोजित होंगी। फरवरी की शुरुआत में प्रायोगिक परीक्षाएं भी प्रस्तावित हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को लिखित और प्रायोगिक दोनों परीक्षाओं की तैयारी एक साथ करनी होगी।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि छमाही परीक्षा तक करीब 60 से 80 प्रतिशत पाठ्यक्रम पूरा कराने का लक्ष्य है। शेष पाठ्यक्रम दिसंबर में पूरा कराया जाएगा। वहीं प्राचार्यों का कहना है कि प्री-बोर्ड के बाद रेमेडियल और अतिरिक्त कक्षाएं लगाकर विद्यार्थियों की कमजोरियां दूर करने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि, लगातार परीक्षाओं के कारण विद्यार्थियों को तैयारी और दोहराव के लिए पर्याप्त समय मिलना चुनौतीपूर्ण रहेगा।
यह भी पढ़ें- इंदौर में पिता और बहन की हत्या का आरोपी हर्ष यादव दिल्ली से गिरफ्तार, वेश बदलकर घूम रहा था
वर्तमान में छमाही परीक्षाएं चल रही हैं। इस दौरान भी कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा स्कूलों में पाठ्यक्रम जल्द पूरा करने और रेमेडियल कक्षाओं के संचालन के निर्देश दिए गए हैं। - अभिनव आर्य, जिला शिक्षा अधिकारी