
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल : प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं के मुआवजे के नाम पर बीमा कंपनियों से करीब 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। प्रदेशभर में ऐसे लगभग 700 संदिग्ध दावे जांच के दायरे में हैं।
इनमें दुर्घटना में लगी मामूली चोटों को गंभीर बताकर और फर्जी विकलांगता प्रमाण पत्रों के आधार पर अधिक क्षतिपूर्ति हासिल करने की कोशिश की गई है। संगठित अपराध की दृष्टि से पुलिस मुख्यालय इस तरह की धोखाधड़ी की जांच शुरू करने जा रहा है।
मुख्यालय के अधिकारियों के अनुसार, इस खेल के पीछे दलालों और कुछ संदिग्ध मेडिकल प्रमाण पत्र जारी करने वालों का नेटवर्क सक्रिय है। दलाल पुलिस थानों से सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी जुटाते हैं। इसके बाद घायल लोगों को ऐसे डाक्टरों से जोड़ते हैं, जो चोट की गंभीरता और विकलांगता का प्रतिशत बढ़ाकर प्रमाण पत्र जारी कर देते हैं। इन्हीं प्रमाण पत्रों के आधार पर अदालत में बीमा कंपनियों से अधिक मुआवजे की मांग की जाती है।
यह भी पढ़ें- भाई और पिता रोकते रहे... भोपाल में युवक ने 100 फीट ऊंची पानी की टंकी से लगा दी छलांग, मौत
संदिग्ध मामलों में सामान्य फ्रैक्चर को भी 50 प्रतिशत तक स्थायी बताने और पैर की चोट के मामले में 70 से 80 प्रतिशत तक दिव्यांगता दर्शाने के आरोप हैं। हालांकि, अदालत में जिरह और मेडिकल परीक्षण के दौरान कई मामलों में दिव्यांगता का प्रतिशत काफी कम हो जाता है। कुछ मामलों में स्थायी दिव्यांगता का दावा करने वाले व्यक्ति सामान्य रूप से चलने-फिरने और बाइक चलाने में भी सक्षम पाए गए हैं।