
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। राज्य शासन ने 17 राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के तबादले किए थे लेकिन इन्होंने नवीन पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया। सामान्य प्रशासन विभाग ने इन सभी अधिकारियों को एकतरफा कार्यमुक्त करते हुए कार्यभार ग्रहण कर उपस्थिति का प्रतिवेदन भेजने के निर्देश दिए हैं।
शासन ने अगस्त और सितंबर में 17 राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के तबादले किए थे। इसमें मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सतना शैलेंद्र सिंह को जिला पंचायत दतिया का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया था। वहीं, सपना त्रिपाठी को सतना जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी पदस्थ किया था।
इनके साथ ही संयुक्त और डिप्टी कलेक्टर के तबादले किए गए थे। इन्होंने नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी को निर्देशित किया है कि वह तत्काल नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर उपस्थिति प्रतिवेदन सामान्य प्रशासन विभाग कार्मिक को भेजें।