
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। बोर्ड परीक्षाओं में लगातार तीन वर्ष तक शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले प्राचार्यों को एक लाख रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही उनके विद्यालय को विकास कार्यों के लिए पांच लाख रुपये मिलेंगे। प्रदेश में 60 नए सांदीपनि विद्यालय बनाए जा रहे हैं और 10 हजार शिक्षकों की भर्ती पूरी हो चुकी है।
कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित मिशन बुनियाद आठ जिलों के 500 सरकारी स्कूलों में शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी तौर पर समृद्ध करना है। यह जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कैबिनेट की बैठक से पहले मंत्रियों को संबोधित करते हुए दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में नौ से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। इसे वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के आयोजन से जोड़ा गया है। अभियान के दौरान तिरंगा यात्रा, प्रदर्शनी, रंगोली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रश्नोत्तरी, ई-बाइक और साइकिल रैली, स्वयंसेवी गतिविधियां तथा सेना और पुलिस के जवानों के लिए पत्र लेखन जैसे आयोजन होंगे। राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता स्व-सहायता समूहों और उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से सुनिश्चित की जाएगी।
सात अगस्त को छिंदवाड़ा से जनविश्वास अभियान-2026 की शुरुआत होगी। इसका उद्देश्य शासन की सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाना, योजनाओं की जमीनी निगरानी बढ़ाना और जनता से सीधा संवाद स्थापित करना है। मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को निर्देश दिए कि वे जिलों में पहुंचकर अभियान की समीक्षा करें।
प्रदेश में औद्योगिक विकास के तहत ग्वालियर में देश का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन विकसित किया जाएगा। यहां मोबाइल उपकरण, ऑप्टिकल फाइबर, नेटवर्क उपकरण, सेमीकंडक्टर और 5जी-6जी तकनीक से जुड़े उद्योग स्थापित होंगे। परियोजना से 12 से 15 हजार करोड़ रुपये के निवेश और लगभग पांच हजार रोजगार सृजित होने का अनुमान है। इसके साथ ही बताया कि भोपाल के निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर मालवा और वेरावल एक्सप्रेस का ठहराव होगा। प्रदेश में 1.18 लाख करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जिससे रेल संपर्क और आधारभूत ढांचे को नई गति मिलेगी।