
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ और मांग को देखते हुए मध्य रेल ने मुंबई से दानापुर के बीच एकतरफा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन पश्चिम मध्य रेल के इटारसी, जबलपुर, कटनी और सतना स्टेशनों पर ठहराव देते हुए दानापुर पहुंचेगी। ट्रेन के संचालन से मुंबई से जबलपुर, कटनी, सतना और बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
गाड़ी संख्या 01081 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी)-दानापुर एकतरफा स्पेशल ट्रेन 5 अगस्त 2026 को सीएसएमटी से मध्यरात्रि 12:30 बजे रवाना होगी। ट्रेन पश्चिम मध्य रेल के इटारसी स्टेशन पर दोपहर 1:50 बजे पहुंचेगी। इसके बाद यह शाम 5:35 बजे जबलपुर, रात 7:20 बजे कटनी और रात 8:55 बजे सतना पहुंचेगी। ट्रेन अगले दिन सुबह 8 बजे दानापुर पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- एमपी के 6,648 शिक्षकों का बढ़ेगा वेतन, 35 साल की सेवा पर मिलेगा चौथा वेतनमान, मोहन कैबिनेट का बड़ा फैसला
यह स्पेशल ट्रेन दादर, ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, मनमाड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा स्टेशनों पर ठहराव देगी। ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 12 शयनयान श्रेणी, 6 सामान्य द्वितीय श्रेणी तथा 2 सामान्य द्वितीय श्रेणी-सह गार्ड-ब्रेकवैन कोच शामिल हैं।