MP Cabinet: सहकारी संस्थाओं के चुनाव टालने और खनिज विकास समेत बड़े फैसलों की तैयारी
मोहन कैबिनेट में सहकारी समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव की समय-सीमा बढ़ाने के प्रस्ताव के साथ राज्य खनिज अन्वेषण नीति-2026 से खनिज क्षेत्र में निवेश, रोजगार और सरकारी राजस्व बढ़ाने की तैयारी।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 12:37:47 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 12:37:47 PM (IST)
फाइल फोटो।HighLights
- अवकाश के चलते आज होगी कैबिनेट बैठक
- ग्रामीण अर्थव्यवस्था और खनिज विकास से जुड़े चार बड़े फैसले
- खनिज क्षेत्र में निवेश, रोजगार और सरकारी राजस्व बढ़ाने की तैयारी
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में होने वाली राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक में प्रदेश के औद्योगिक विकास, ऊर्जा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाले चार अहम प्रस्तावों पर मुहर लगने जा रही है। इनमें सहकारी संस्थाओं व बैंकों के चुनाव की अवधि बढ़ाने, राज्य खनिज अन्वेषण नीति-2026 लागू करने, कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को शासकीय अंश पूंजी सहायता देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों के छूटे हुए घरों तक बिजली पहुंचाने के प्रस्ताव शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि यह कैबिनेट बैठक पहले मंगलवार को प्रस्तावित थी, लेकिन गुरु नानक जयंती के सार्वजनिक अवकाश के चलते इसे एक दिन पहले सोमवार को आयोजित किया जा रहा है।
सहकारी संस्थाओं और बैंकों के चुनाव की अवधि बढ़ाने पर फैसला
मध्य प्रदेश सहकारी सोसायटी अधिनियम-1960 के तहत बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं (पैक्स), विपणन समितियों और जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों (डीसीसीबी) के लंबित चुनावों की समय-सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव बैठक में रखा जाएगा।
इस फैसले से चुनाव संपन्न होने तक इन संस्थाओं में वर्तमान व्यवस्था प्रशासकों के माध्यम से सुचारू रूप से जारी रह सकेगी। सरकार का मुख्य उद्देश्य समर्थन मूल्य पर फसल खरीदी और किसानों को खाद-बीज वितरण जैसे आवश्यक कार्यों में किसी भी प्रकार के व्यवधान को रोकना है।
राज्य खनिज अन्वेषण नीति-2026 से बढ़ेगा निवेश व राजस्व
प्रदेश की खनिज संपदा की वैज्ञानिक तरीके से खोज और उसके बेहतर उपयोग को बढ़ावा देने के लिए सरकार 'राज्य खनिज अन्वेषण नीति-2026' लाने जा रही है। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद नए खनिज भंडारों के अन्वेषण में निजी और सरकारी एजेंसियों की भागीदारी बढ़ेगी। इससे खनन क्षेत्र में बड़े निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होने के साथ-साथ राज्य के खनिज राजस्व में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
कमजोर जिला सहकारी बैंकों को मिलेगी सरकारी संजीवनी
आर्थिक रूप से कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों (डीसीसीबी) को वित्तीय संकट से उबारने के लिए सरकार शासकीय अंश पूंजी सहायता देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे सकती है। इस सहायता से इन बैंकों की वित्तीय सेहत सुधरेगी और उनका पूंजी पर्याप्तता अनुपात (सीआरएआर) निर्धारित मानकों के अनुरूप हो सकेगा।
इसका सीधा लाभ प्रदेश के किसानों को मिलेगा, क्योंकि बैंक उन्हें खाद-बीज और अन्य कृषि कार्यों के लिए समय पर ऋण उपलब्ध कराने में सक्षम हो सकेंगे।
गांवों के नए और विद्युतीकरण से वंचित घरों तक पहुंचेगी बिजली
ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी विस्तार के साथ बने नए घरों और अब तक विद्युतीकरण से वंचित रह गए आवासों को रोशन करने की कार्ययोजना को भी कैबिनेट की हरी झंडी मिल सकती है। इस योजना के तहत बिजली वितरण कंपनियां नए मजरे-टोलों और छूटे हुए घरों तक बिजली के खंभे व लाइनें पहुंचाएंगी।
इससे ग्रामीण परिवारों को आसानी से बिजली कनेक्शन मिल सकेंगे और उनके घरेलू व छोटे व्यावसायिक कार्यों को गति मिलेगी।