
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी रमेश थेटे को पुलिस ने नागपुर में गिरफ्तार किया है। भोपाल की अदालत से जारी गिरफ्तारी वारंट की तामील के लिए नागपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। बुधवार को नागपुर के मनीषनगर इलाके से हिरासत में लेने के बाद पुलिस टीम उन्हें भोपाल ले आई। अब उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार रमेश थेटे वर्तमान में नागपुर के मनीषनगर इलाके में रह रहे थे। भोपाल कोर्ट में उनके खिलाफ चेक बाउंस का प्रकरण विचाराधीन है। अदालत में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था, जो कि नागपुर पुलिस कमिश्नर के नाम पर जारी था।
वारंट जारी होने के बाद पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को उनके नागपुर के मनीषनगर इलाके में होने की सूचना मिली। जिसके बाद बेलतरोड़ी पुलिस ने कार्रवाई की योजना बनाई। बुधवार को मनीषनगर में घेराबंदी कर थेटे को हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें लेकर भोपाल रवाना हो गई। यहां संबंधित अदालत में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मामले में अदालत की कार्रवाई और आरोपों के संबंध में आगे की जानकारी पेशी के दौरान सामने आ सकती है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में आवारा कुत्तों का आतंक... जान बचाने में फिसली स्कूटी, 20 दिन बाद DJ संचालक युवक की मौत