
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल : कांग्रेस 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर भोपाल में संविधान रक्षा मार्च निकालेगी। इसके साथ ही पार्टी दो महीने का वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान भी शुरू करेगी। इसके लिए हर बूथ पर वोट रक्षक नियुक्त किए जाएंगे। ये बूथ स्तर पर जाकर मतदाता सूची से हटाए गए नामों का भौतिक सत्यापन करेंगे।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सभी राज्यों को भेजे पत्र में दिल्ली चलो के प्रस्तावित कार्यक्रम को स्थगित करने और प्रदेश में राज्य मुख्यालय पर 26 नवंबर को संविधान रक्षा मार्च निकालने के निर्देश दिए हैं। इस मार्च की शुरुआत डा. भीमराव आंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमा से होगी। इसके बाद संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर संविधान की रक्षा की शपथ ली जाएगी।
इस मार्च से पहले 22 नवंबर तक प्रत्येक मतदान केंद्र पर वोट रक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। प्रत्येक मंडल अध्यक्ष को अपने क्षेत्र के हर बूथ पर कम से कम एक वोट रक्षक नियुक्त करना होगा। इनमें बीएलए, बूथ समिति के सदस्य, युवा और अन्य कार्यकर्ता शामिल होंगे। 22 से 30 नवंबर तक वोट रक्षक हटाए गए मतदाताओं के घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे और इसकी रिपोर्ट तैयार करेंगे। मंडल अध्यक्ष प्रतिदिन इसकी निगरानी करेंगे।
यह भी पढ़ें- एमपी में गजब का फर्जीवाड़ा... सरकारी अधिकारी बनने के लिए बनाया फर्जी नियुक्ति पत्र, सुरक्षा व हवाई यात्रा भी जोड़ी
इसके बाद 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक गांवों में वोट बचाओ, देश बचाओ चौपालें लगाई जाएंगी। इनमें हटाए गए मतदाताओं, बुजुर्गों और पंचायत प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा।