
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल: बागसेवनिया स्थित दुर्गा नगर में रविवार रात पुरानी रंजिश के चलते हिंसक घटना हुई। बदमाशों ने महिलाओं और युवतियों पर हमला किया और उनकी होटल तथा दुकान में तोड़फोड़ मचाई। हमले में पांच लोग घायल हुए, जिनमें से मनीष, नेहा और अनीता गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद और कहासुनी हो चुकी थी। पिछले दिनों पीड़ित किशोरी ने विवाद को लेकर हनी तोमर, जोगन और सुमित के परिवार से शिकायत की थी। इस पर नाराज होकर आरोपितों ने रविवार रात करीब आठ बजे किशोरी नेहा मेहरा पर हमला कर दिया।
हमले के बाद पीड़ित जब इसकी शिकायत करने थाने पहुंचे, तब बदमाशों ने नेहा मेहरा के बड़े पापा छगन की होटल और दुकान में तोड़फोड़ कर दी। इसके साथ ही उनकी गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त की गईं।
एएसआई भरत मीणा ने बताया कि हनी तोमर, सुमित और जोगन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हमले में शामिल अन्य अज्ञात आरोपितों की भूमिका भी तलाशी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है और प्रशासन को इस मामले में कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- दो माह तक जिंदगी से जूझती रही ग्वालियर एसिड अटैक पीड़िता, इलाज के दौरान तोड़ा दम, जेठ ने फेंका था तेजाब