_m.webp)
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। साइबर ठगी में उपयोग होने वाले फर्जी सिम कार्ड, मोबाइल और संदिग्ध दूरसंचार संसाधनों पर अब पुलिस और शिकंजा कसने की तैयारी में है। इसके लिए राज्य साइबर पुलिस और दूरसंचार विभाग आपस में समन्वय और बढ़ाएंगे। संदिग्ध मोबाइल नंबरों और दूरसंचार संसाधनों की जानकारी साझा की जाएगी, ताकि ठगी में इस्तेमाल होने वाले नंबरों की पहचान कर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
खास बात यह है कि अब मोबाइल की पहचान और निगरानी के लिए उपयोग होने वाले पोर्टल के माध्यम से पुलिस थाना स्तर तक निगरानी बढ़ाई जाएगी। इसे लागू करने के लिए आगामी दिनों में अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर कार्ययोजना बनाई जाएगी।
इस संबंध में राज्य साइबर मुख्यालय भोपाल में दूरसंचार विभाग और राज्य साइबर पुलिस के अधिकारियों की बैठक हुई। दूरसंचार विभाग के अधिकारियों ने मोबाइल उपकरण पहचान पंजी (सीईआईआर) और डिजिटल खुफिया मंच (डीआईपी) की कार्यप्रणाली और उपयोगिता की जानकारी दी। तय किया गया कि दूरसंचार संसाधनों के दुरुपयोग से जुड़े मामलों की जानकारी साइबर पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि संबंधित मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा सके।
मोबाइल उपकरण पहचान पंजी (सीईआईआर) के माध्यम से मोबाइल के विशिष्ट पहचान नंबर (आईएमईआई) के आधार पर गुम या चोरी हुए मोबाइल को बंद कराने और उसकी पहचान करने में मदद मिलती है। वहीं, डिजिटल खुफिया मंच (डीआईपी) के माध्यम से संदिग्ध दूरसंचार संसाधनों से जुड़ी जानकारी साझा की जाएगी।
साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले फर्जी सिम कार्ड, संदिग्ध मोबाइल नंबर और आईएमईआई नंबर के दुरुपयोग को रोकने के उपायों पर भी बैठक में चर्चा हुई। दोनों विभाग संदिग्ध दूरसंचार संसाधनों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करेंगे। बैठक में अभियान 'फास्ट 2.0' में देशभर में पहला स्थान हासिल करने पर राज्य साइबर पुलिस के काम की सराहना की गई।
यह भी पढ़ें- भोपाल में 12 दिसंबर को कांग्रेस की 'वोट बचाओ' रैली, लाल परेड मैदान में राहुल-अखिलेश समेत दिग्गज जुटेंगे