
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना के कार्यकाल में विस्तार होने की संभावना प्रबल हो गई है। 30 नवंबर को प्रस्तावित उनकी विदाई परेड की तैयारियों को अचानक रोक दिया गया है और रिहर्सल के लिए प्रदेशभर से बुलाए गए पुलिस बल को वापस उनके मूल जिलों में भेज दिया गया है।
डीजीपी की विदाई परेड के आयोजन हेतु 14 नवंबर को सभी जिलों और विभाग प्रमुखों को पत्र जारी कर पुलिस जवानों को भोपाल बुलाया गया था, लेकिन 24 नवंबर को इन जवानों को तत्काल प्रभाव से लौटने के आदेश दे दिए गए, जिसके बाद 25 नवंबर तक सभी पुलिसकर्मी अपने पदस्थापना स्थलों पर वापस पहुंच गए।
हालांकि, राज्य सरकार की ओर से मकवाना का कार्यकाल बढ़ाने का औपचारिक आदेश अभी जारी नहीं किया गया है। गौरतलब है कि नए डीजीपी के चयन के लिए पिछले एक माह से कवायद चल रही थी।
यह भी पढ़ें- एमपी में थम नहीं रहा बाल विवाह का दंश, 5 साल में 47% बढ़े मामले, दमोह और राजगढ़ में स्थिति सबसे खराब
यूपीएससी की बैठक में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नाम का पैनल भी तैयार किया गया था, परंतु लिफाफा नहीं खोला गया। अब विदाई परेड स्थगित होने से मकवाना को एक्सटेंशन मिलना लगभग तय माना जा रहा है।