
नईदुनिया प्रतिनिधिख, भोपाल। प्रदेश के सरकारी अस्पतालों और संजीवनी क्लिनिकों में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्नातकोत्तर चिकित्सा अधिकारी और मेडिकल ऑफिसर के 306 रिक्त पदों पर संविदा नियुक्ति की जा रही है। इस भर्ती से प्रदेश के जिला अस्पतालों, सिविल अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और शहरी संजीवनी क्लिनिकों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
इस भर्ती अभियान के जरिए अस्पतालों में लंबे समय से खाली पड़े विशेषज्ञ डॉक्टरों के पदों को भरा जाएगा। इनमें मुख्य रूप से स्त्री रोग विशेषज्ञ, एनेस्थेटिस्ट, बाल रोग विशेषज्ञ और रेडियोलॉजिस्ट के पद शामिल हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों के आने से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के मरीजों को बड़े अस्पतालों में रेफर करने की नौबत कम आएगी।
शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भोपाल सहित प्रदेश भर के संजीवनी क्लिनिकों में डॉक्टरों की तैनाती की जा रही है। राजधानी भोपाल के संत हिरदाराम नगर, गोविंदपुरा, अयोध्या एक्सटेंशन, कटारा हिल्स, टीला जमालपुरा, वल्लभ नगर, चांदबड़, कोकता, बावड़िया कला, शाहपुरा और बैरसिया स्थित स्वास्थ्य केंद्रों व संजीवनी क्लिनिकों के लिए डॉक्टरों की नियुक्ति होगी। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों में आवश्यकतानुसार यह पदस्थापना की जा रही है।
यह भी पढ़ें- मंदसौर से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष... बंशीलाल गुर्जर को मिली भाजपा किसान मोर्चा की कमान, कार्यकर्ताओं में खुशी
प्रदेश भर के स्वास्थ्य केंद्रों और संजीवनी क्लिनिकों में आम जनता को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 306 संविदा डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है, जिससे विशेषज्ञों व चिकित्सा अधिकारियों के रिक्त पदों को भरा जा सकेगा। - दिशा प्रणय नागवंशी, अपर मिशन संचालक, एनएचएम (मप्र)।