
शशिकांत तिवारी, नईदुनिया, भोपाल। केंद्रीय मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत ई-रिक्शा चलाने के लिए परमिट की आवश्यकता नहीं होती है। इस कारण रूट भी निर्धारित नहीं हैं। ऐसे में इंदौर सहित कई बड़े शहरों में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इंदौर में पुलिस-प्रशासन ने यातायात व्यवस्थित करने के लिए कुछ रूट निर्धारित किए हैं पर अब प्रदेश भर में ऐसी व्यवस्था प्रभावी करने की तैयारी है। इसके लिए सरकार नीति ला रही है।
इसमें रिक्शा को अलग-अलग कलर कोड दे दिया जाएगा। इस आधार पर यह निर्धारित किया जाएगा कि कौन से रंग का रिक्शा किस रूट पर चलेगा। परिवहन आयुक्त कार्यालय ने इसका ड्राफ्ट तैयार कर राज्य शासन को भेजा है। इसी माह इस पर निर्णय हो सकता है।
परमिट नहीं होने पर भी यातायात प्रबंधन की दृष्टि से ई-रिक्शा संचालन के संबंध में स्थानीय व्यवस्था के दृष्टिगत कलेक्टर रूट निर्धारण और अन्य कार्य कर सकते हैं। इसी कारण नई नीति में उन्हें जिम्मेदारी दी जाएगी। साथ ही, राज्य स्तरीय नीति में सभी जिलों के लिए एक समान रूपरेखा बनाई जाएगी। इस तरह जिला प्रशासन और पुलिस मिलकर ई-रिक्शा संचालन पर नियंत्रण रखेंगे।
परिवहन आयुक्त कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि कई राज्यों में ई-रिक्शा संचालन व्यवस्था का अध्ययन करने के बाद ड्राफ्ट तैयार किया गया है। बता दें, प्रदेश में ई-रिक्शा की संख्या बीते 10 वर्ष में 141 से बढ़कर एक लाख सात हजार तक पहुंच चुकी है। प्रतिवर्ष लगभग 25 हजार ई-रिक्शा बढ़ रहे हैं। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पहले ऑटो के लिए भी रूट निर्धारित नहीं होते थे, जिससे अव्यवस्था होने लगी तो वर्ष 2021 में उनके लिए नीति बनाकर रूट निर्धारण किया जाने लगा। प्रदेश में 20 हजार से अधिक इलेक्ट्रिक ऑटो हैं।
ई-रिक्शा संचालन के संबंध में नीति तैयार की जानी है। हमने इसका ड्राफ्ट तैयार कर शासन को भेजा है। अंतिम निर्णय शासन के स्तर पर ही होना है। - उमेश जोगा, परिवहन आयुक्त
इंदौर में ई-रिक्शा के लिए सेक्टर आधारित रूट और कलर कोड प्रणाली फरवरी में चरणबद्ध तरीके से लागू की गई। पहले रूट निर्धारण और पंजीयन अभियान शुरू हुआ, इसके बाद सेक्टरवार संचालन और कलर कोड लागू किए गए। इस व्यवस्था को इंदौर यातायात पुलिस, जिला प्रशासन और आरटीओ के समन्वय से लागू किया गया।
यह भी पढ़ें- एमपी में UCC पर घमासान, मतांतरित आदिवासियों और लिव-इन नियमों पर कांग्रेस को आपत्ति, 20 जुलाई से शुरू होगा सत्र
इसमें शहर को सेक्टर/जोन में विभाजित किया गया। प्रत्येक ई-रिक्शा को एक निर्धारित सेक्टर में ही संचालन की अनुमति दी गई। हर ई-रिक्शा की पहचान उसकी छत के रंग (कलर कोड) और सेक्टर नंबर से की जाती है। निर्धारित सेक्टर से बाहर संचालन पर चालान और कानूनी कार्रवाई का प्रावधान किया गया है।