
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। 20 जुलाई से प्रारंभ हो रहे मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में सरकार समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक प्रस्तुत करेगी। अभी इसके प्रारूप को अंतिम रूप नहीं दिया गया है लेकिन कांग्रेस कई प्रस्तावित प्रविधानों का विरोध करेगी। पार्टी की आपत्ति प्रमुख रूप से मतांतरित आदिवासियों को यूसीसी में शामिल करने और लिव-इन संबंधों को मान्यता देने को लेकर है।
यूसीसी को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दो बार बैठक कर चुके हैं। इसके प्रारूप से जुड़े प्रमुख बिंदुओं को सैद्धांतिक सहमति भी दी जा चुकी है। अब सुप्रीम कोर्ट की सेवानिवृत्त न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता वाली समिति इसे अंतिम रूप देने में जुटी है। सरकार की मंशा मतांतरित आदिवासियों को यूसीसी के दायरे में लाने की है।
इसके पीछे तर्क यह है कि जब उन्होंने स्वेच्छा से मतांतरण कर लिया तो उन्हें आदिवासी होने के नाते मिले अधिकार भी छोड़ देने चाहिए। राज्य स्तरीय जन परामर्श में भी इसी तरह के तर्क सेवानिवृत्त न्यायाधीशों सहित अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों की ओर से दिए गए।
उधर, कांग्रेस की इसे लेकर आपत्ति है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, भोपाल उत्तर सीट से विधायक आरिफ मसूद हों या फिर अन्य पदाधिकारी, सभी का कहना है कि अव्वल तो इस कानून की आवश्यकता नहीं है।
सरकार विभिन्न समाजों में प्रचलित रीति-रिवाजों में दखलंदाजी करना ही क्यों चाहती है। जब संविधान ने आदिवासियों को कोई भी धर्म मानने का अधिकार दिया है तो कोई भी मत अपना लेने के आधार पर उन्हें आदिवासी न मानना गलत है।
यह भी पढ़ें- झाबुआ में सिस्टम लाचार, बच्चे बेहाल... बूंद-बूंद पानी को तरस रहे 180 छात्र, 3 महीने से बंद है स्कूल का हैंडपंप
इसी तरह यूसीसी में लिव-इन संबंधों के लिए किए जा रहे प्रविधान पर भी पार्टी ने आपत्ति जताते हुए कहा कि कानूनी मान्यता देकर इसे बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है। यह भारतीय सामाजिक मूल्यों के विपरीत है। बता दें, यूसीसी में लिव-इन में रहने वाले जोड़ों के लिए अनिवार्य पंजीकरण, महिलाओं को भरण-पोषण का अधिकार और पैदा होने वाले बच्चों को पूर्ण कानूनी संरक्षण देने के प्रविधान शामिल किए गए हैं।
देश और प्रदेश के सामने कई ज्वलंत मुद्दे हैं। भाजपा और सरकार इससे लोगों को ध्यान भटकाना चाहती है इसलिए यूसीसी लाया जा रहा है। एक देश-एक कानून यदि बनाना है तो शिक्षा को लेकर बनाया जाए। हम इसका स्वागत करेंगे।- जीतू पटवारी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष