
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। 13 दिसंबर को डॉ. मोहन यादव को मुख्यमंत्री बने तीन साल पूरे हो जाएंगे। राज्य सरकार इन वर्षों में हुए कामों की समीक्षा करने के साथ आगामी दो वर्ष की कार्ययोजना तैयार करेगी। उन चुनौतियों पर भी विचार किया जाएगा, जिनकी वजह से लक्ष्य प्राप्ति में बाधा आ सकती है।
21 और 22 दिसंबर को मंत्रियों का दो दिवसीय चिंतन शिविर होगा। इसमें प्रत्येक मंत्री को अपने विभाग की तीन वर्ष की पांच उपलब्धियां, चुनौती और आगामी दो वर्ष की कार्ययोजना बतानी होगी। इसकी तैयारी से पहले अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव और विभागाध्यक्ष स्तर के अधिकारी दो दिन मंथन करेंगे। इसमें मंत्रियों के चिंतन शिविर की तैयारी होगी।
प्रदेश में वर्ष 2028 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। अंतिम छह माह को छोड़ दिया जाए तो सरकार के पास लगभग डेढ़ वर्ष का समय बचा है। इस अवधि में सरकार प्राथमिकता निर्धारित कर वह काम करना चाहती है जो भाजपा के संकल्प पत्र 2023 में थे और अभी उन पर काम होना बाकी है। इनमें से किसे प्राथमिकता दी जानी है और उसके लिए क्या तैयारी करनी है, इस पर चिंतन बैठक में चर्चा की जाएगी।
यह भी पढ़ें- भोपाल-इंदौर समेत 22 शहरों की बदलेगी तस्वीर, केंद्र से मिलेंगे 5-5 हजार करोड़, सुधरेगा शहरी बुनियादी ढांचा
यह दो चरण में होगी। पहले चरण में मंत्री अपने विभाग की तीन वर्ष की पांच प्रमुख उपलब्धियां बताएंगे। वे चुनौतियां भी सामने रखेंगे, जिनके कारण लक्ष्य प्राप्ति में समस्या आ सकती है। फिर आगामी दो वर्ष की कार्ययोजना बताएंगे। ये लक्ष्य आधारित रहेंगी। साथ ही इसमें यह भी बताना होगा कि जो लक्ष्य रखे जाएंगे वे कैसे प्राप्त होंगे और उससे लाभ लेने वाला वर्ग कौनसा होगा।
दूसरे दिन मंत्रियों के आठ समूह बनेंगे, जो कृषि, उद्योग, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसे विषयों प्राथमिकता वाले विषयों पर फोकस करेंगे। समूहों द्वारा अनुशंसा की जाएगी, जिसके आधार पर आगामी कार्यक्रम निर्धारित होंगे।