नईदुनिया न्यूज, भोपाल। ऐशबाग आरओबी की गड़बड़ी पर राज्य सरकार ने सख्ती दिखाई है। सीएम मोहन यादव ने कड़ा रूख अपनाते हुए संबंधितों और जिम्मेदारों पर एक्शन लिया है। इसके बाद उन्होंने इस कार्यवाही की जानकारी सोशल मीडिया पर स्वयं दी।
अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा कि, 'ऐशबाग आरओबी के निर्माण में हुई गंभीर लापरवाही में मैंने संज्ञान लेते हुए जाँच के आदेश दिये थे। जाँच रिपोर्ट के आधार पर लो.नि.वि. के 8 इंजीनियर्स के खिलाफ कार्रवाई की गई है। दो सीई सहित सात इंजीनियर्स को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
एक सेवानिवृत एसई के खिलाफ विभागीय जाँच की जायेगी। इस प्रोजेक्ट में आरओबी का त्रुटिपूर्ण डिजाइन प्रस्तुत करने पर निर्माण एजेंसी एवं डिजाईन कंसल्टेंट, दोनों को ब्लैक लिस्ट किया गया है। आरओबी में आवश्यक सुधार के लिए कमेटी बनाई गयी है। सुधार के बाद ही आरओबी का लोकार्पण किया जाएगा।'
ऐशबाग आरओबी के निर्माण में हुई गंभीर लापरवाही में मैंने संज्ञान लेते हुए जाँच के आदेश दिये थे। जाँच रिपोर्ट के आधार पर लो.नि.वि. के 8 इंजीनियर्स के खिलाफ कार्रवाई की गई है। दो सीई सहित सात इंजीनियर्स को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। एक सेवानिवृत एसई के खिलाफ विभागीय जाँच…
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) June 28, 2025
सोशल मीडिया पर नमूना बना भोपाल का ऐशबाग आरओबी अब बच्चों का खेल मैदान बन गया है। यहां रोजाना सुबह से देर शाम तक इलाके के बच्चे मैच खेलते नजर आ रहे हैं। वहीं सुर्खियां पाने के बाद बड़ी संख्या में लोग भी इस पर खड़े होकर सेल्फी ले रहे हैं। इधर पीडब्ल्यूडी की रिपोर्ट में सामने आया है कि इस आरओबी की डिजाइन तीन बार बदली गई थी। इसके बावजूद किसी ने ध्यान नहीं दिया और यह 90 डिग्री बन गया।
हाल ही में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी साफ कह चुके हैं कि जब तक इस रेलवे ओवर ब्रिज की खामियां दूर नहीं होगी, तब तक इसका उद्धाटन नहीं होगा। दरअसल पीडब्ल्यूडी और रेलवे के बीच समन्वय की कमी के कारण भोपाल में ऐशबाग आरओबी देशभर में मजाक बन गया है। अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लोग इसका जमकर ट्रोल कर रहे हैं। हाल ही में इस आरओबी का उद्धाटन होना था लेकिन इससे पहले ही इसकी खामियां सामने आ गईं और यह चर्चा का विषय बन गया है।