MP में नवंबर से अर्धवार्षिक परीक्षा, स्कूलों के पास सिलेबस पूरा करने को सिर्फ 40-45 दिन; 31 जनवरी तक पाठ्यक्रम खत्म करने के निर्देश
मध्य प्रदेश के स्कूलों में अर्धवार्षिक परीक्षाएं नवंबर में प्रस्तावित हैं। शिक्षकों को 31 जनवरी 2027 तक पाठ्यक्रम पूरा करना होगा। कम समय में पढ़ाई और ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 05 Oct 2026 11:20:19 AM (IST)Updated Date: Mon, 05 Oct 2026 11:20:19 AM (IST)
MP में नवंबर से अर्धवार्षिक परीक्षा। (एआई जनरेटेड)HighLights
- 11वीं-12वीं की अर्धवार्षिक परीक्षाएं 18 नवंबर से प्रस्तावित हैं।
- 9वीं-10वीं की परीक्षाएं 21 नवंबर से प्रस्तावित हैं।
- 31 जनवरी 2027 तक पाठ्यक्रम पूरा करना अनिवार्य होगा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल : प्रदेश के हाईस्कूल और हायर सेकंडरी स्कूलों में त्रैमासिक परीक्षाएं समाप्त होने के बाद अब अर्धवार्षिक परीक्षाओं की तैयारी शुरू हो गई है। कक्षा 11वीं और 12वीं की अर्धवार्षिक परीक्षाएं 18 नवंबर और नौवीं व 10वीं की 21 नवंबर से प्रस्तावित हैं। ऐसे में स्कूलों के पास पाठ्यक्रम पूरा कराने के लिए करीब डेढ़ महीने का समय ही बचा है।
त्योहारों की छुट्टियों के कारण वास्तविक शिक्षण कार्य के दिन और कम हो जाएंगे। त्रैमासिक परीक्षा के परिणामों के आधार पर विद्यार्थियों के विषयवार प्रदर्शन का आकलन किया जा रहा है। कम अंक वाले विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें अतिरिक्त कक्षाओं के माध्यम से पढ़ाने की योजना है। गणित, विज्ञान और अंग्रेजी जैसे विषयों में कमजोर विद्यार्थियों की बुनियादी समझ मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा। स्कूलों में नियमित कक्षाओं के साथ अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने की चुनौती भी रहेगी।
31 जनवरी तक पूरा करना होगा पाठ्यक्रम
- इसी बीच राज्य शिक्षा केंद्र ने शिक्षकों को सत्र 2026-27 का पाठ्यक्रम 31 जनवरी 2027 तक पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। जनगणना के द्वितीय चरण का कार्य एक फरवरी से मार्च के प्रथम सप्ताह तक प्रस्तावित है। इस दौरान शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
- राज्य शिक्षा केंद्र ने निर्देश दिए हैं कि जनगणना कार्य के कारण शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित न हों, इसलिए पाठ्यक्रम निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाए। निर्देश दिए गए हैं कि शैक्षणिक कैलेंडर में विषयवार पाठ्यक्रम का विभाजन किया गया है।
स्कूलों को आवश्यकता के अनुसार समय-सारणी में बदलाव कर एक फरवरी से पहले पाठ्यक्रम पूरा कराने और विद्यार्थियों की अपेक्षित दक्षताएं पूरा करने के लिए कहा गया है। वर्तमान में कई स्कूलों में करीब 30 से 40 फीसद तक पाठ्यक्रम पूरा हुआ है,जबकि कुछ स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता भी पूरी नहीं हुई है। कम होंगे वास्तविक शिक्षण दिवस
अर्धवार्षिक परीक्षाओं से पहले करीब 40 से 45 वास्तविक कार्यदिवस ही मिल पाएंगे। इन दिनों में नियमित पढ़ाई, कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं और परीक्षा की तैयारी साथ-साथ करनी होगी। ऐसे में शिक्षकों के सामने कम समय में पाठ्यक्रम पूरा कराने की चुनौती बनी हुई है।
छुट्टियों का विवरण
- दशहरा अवकाश : 19 से 21 अक्टूबर 2026
- दीपावली अवकाश : 6 से 11 नवंबर 2026
- शीतकालीन अवकाश : 31 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027
परीक्षा कार्यक्रम एक नजर में
- 11वीं-12वीं: 18 नवंबर से अर्धवार्षिक परीक्षा
- 9वीं-10वीं: 21 नवंबर से अर्धवार्षिक परीक्षा
पहली से लेकर 12वीं तक के सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि छमाही परीक्षा शुरू होने से पहले कम से कम 60 प्रतिशत पाठ्यक्रम पूरा कर लें। ताकि रिवीजन कक्षाएं भी लगाई जा सकें। अभिनव आर्य, जिला शिक्षा अधिकारी।
यह भी पढ़ें- 'राजस्थान से भोपाल के रास्ते चल रहा था नशे का खेल'; गंजबासौदा में पकड़ा गया ब्राउन शुगर नेटवर्क, महिला समेत 6 गिरफ्तार