EV News: MP में 2 लाख इलेक्ट्रिक वाहन, लेकिन चार्जिंग स्टेशन महज 1,780; लोकेशन ट्रेसर एप भी तैयार नहीं
नीति के तहत प्रमुख शहरों में चार्जिंग नेटवर्क बढ़ाने और राजमार्गों पर निर्धारित दूरी के अंतराल पर स्टेशन स्थापित करने का लक्ष्य है, लेकिन रिपोर्ट के अ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 18 Oct 2026 12:09:04 PM (IST)Updated Date: Sun, 18 Oct 2026 12:09:04 PM (IST)
प्रतीकात्मक, एआई से तैयार फोटो।HighLights
- मध्य प्रदेश में पंजीकृत इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या दो लाख पार
- क्रियाशील पंजीकृत चार्जिंग स्टेशनों की संख्या 1,780 है
- रिपोर्ट के अनुसार एक साल बाद भी 30 प्रतिशत लक्ष्य पूरा नहीं
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की बढ़ती संख्या के मुकाबले चार्जिंग स्टेशनों की यह संख्या नाकाफी है। वर्तमान में क्रियाशील, पंजीकृत इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशनों की संख्या 1,780 है। वहीं पंजीकृत इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या दो लाख को पार कर चुकी है।
चार्जिंग स्टेशन कहां है, यह पता लगाने के लिए केंद्रीयकृत मोबाइल एप्लिकेशन (एप) भी बनाना जा रहा था, लेकिन वह भी अब तक तैयार नहीं हुआ।
इंदौर, भोपाल सहित प्रदेशभर में काम अधूरा
इंदौर जैसे शहर जहां 50 हजार से ज्यादा ईवी वाहन हैं, चार्जिंग स्टेशन 50 ही हैं। ईवी नीति में इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर और उज्जैन को ईवी मॉडल सिटी के रूप में विकसित करना है। घनी आबादी और शहरी क्षेत्रों में योजना को और अधिक सूक्ष्म स्तर पर ले जाते हुए हर एक किमी के ग्रिड में कम से कम एक चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया, लेकिन यह भी पूरा होता नहीं दिख रहा है।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट वाहनों को ही अब तक पूरी तरह ईवी में बदला नहीं जा सका है, क्योंकि इंफ्रास्ट्रक्चर ही नहीं है।
सार्वजनिक स्थलों पर भी नहीं बने
मध्य प्रदेश की इलेक्ट्रिक वाहन नीति-2025 के तहत सार्वजनिक स्थलों पर चार्जिंग स्टेशनों के लिए वित्तीय सहायता दी जा रही है। राजमार्गों, प्रमुख सड़कों पर प्रत्येक 25 किलोमीटर पर एक चार्जिंग स्टेशन, राजमार्गों पर प्रत्येक 100 किलोमीटर पर लंबी दूरी/ हैवी-ड्यूटी इलेक्ट्रिक वाहन के लिए फास्ट चार्जिंग स्टेशन (दोनों तरफ) लगाने का लक्ष्य है। लेकिन नीति लागू होने के एक साल बाद भी 30 प्रतिशत लक्ष्य भी पूरा नहीं हो पाया है।
प्रदेश में सात माह में एक लाख इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत
प्रदेश में वित्तीय वर्ष 2025-26 तक कुल 1,50,955 इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत हुए। वहीं इस वर्ष 2026-27 के शुरुआती सात माह में (यानी सितंबर 2026 के अंत तक) एक लाख से अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों का पंजीयन हो चुका है।
चार्जिंग स्टेशन एक नजर में
सार्वजनिक पेट्रोलियम कंपनी के चार्जिंग स्टेशन - 650
निजी चार्जिंग प्वाइंट आपरेटर चला रहे - 1130