
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश के कॉलेज विद्यार्थियों को अब किताबों के साथ ई-कंटेंट के माध्यम से भी पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में परिवर्तन के बाद किताबों की उपलब्धता में हो रही देरी को देखते हुए उच्च शिक्षा विभाग ने डिजिटल अध्ययन (ई-कंटेंट) सामग्री तैयार कराने की पहल की है।
इसके तहत 23 विषयों के ई-कंटेंट तैयार किए जा रहे हैं। इन्हें विषय विशेषज्ञों से सत्यापित कराने के बाद ज्ञान सेतु चैनल और यूट्यूब पर अपलोड किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को आवश्यक पाठ्य सामग्री जल्द उपलब्ध हो सकेगी। उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त प्रबल सिपाहा ने बताया कि इससे विद्यार्थी आनलाइन पढ़ाई कर सकेंगे।
उच्च शिक्षा विभाग ने शुरुआत में 16 विषयों के ई-कंटेंट तैयार करने की योजना बनाई थी। शिक्षकों के प्रशिक्षण और उनकी रुचि के आधार पर अब सात नए विषयों को भी इसमें शामिल किया गया है। अब कुल 23 विषयों की डिजिटल अध्ययन सामग्री तैयार करने के लिए शासकीय कालेजों में पढ़ाने वाले प्रोफेसरों और सहायक प्राध्यापकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिक्षकों को माड्यूल और सब-मॉड्यूल तैयार करने के लिए प्रशिक्षण भी दिया गया है। ज्ञान सेतु चैनल और यूट्यूब पर यह ई-कंटेंट उपलब्ध होगा।
ई-कंटेंट की गुणवत्ता और तथ्यात्मक शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक विषय में चार से सात शिक्षकों की समिति बनाई गई है। इनमें संयोजक, सह-संयोजक और अन्य सदस्य शामिल हैं। विषय विशेषज्ञों को पहले चरण की सामग्री तैयार करने और उसके सत्यापन के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। समितियां स्टूडियो में बैठकर तैयार सामग्री की जांच करेंगी। इसमें टेक्स्ट, वीडियो, एनिमेशन, चार्ट और संदर्भों की प्रामाणिकता का मिलान किया जाएगा। विशेषज्ञों की अनुशंसा के बाद आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। सत्यापन पूरा होने के बाद ही सामग्री विद्यार्थियों के लिए आनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी।
ई-कंटेंट का उपयोग कालेजों की स्मार्ट क्लास में भी किया जा सकेगा। वीडियो, चार्ट और एनिमेशन के माध्यम से कठिन विषयों को समझाना आसान होगा।
ई-कंटेंट तैयार करते समय भारतीय ज्ञान परंपरा को भी शामिल किया जा रहा है। विभिन्न विषयों में प्राचीन भारतीय ज्ञान और पारंपरिक पद्धतियों से जुड़ी सामग्री को स्थान दिया गया है। हिंदी, संस्कृत और गृह विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, रसायन शास्त्र, अंग्रेजी, भौतिक शास्त्र, प्राणी शास्त्र, गणित, राजनीति शास्त्र, भूगोल, गृह विज्ञान एवं टेक्सटाइल एंड क्लोथिंग, अर्थ शास्त्र, समाज शास्त्र, प्राचीन भारतीय इतिहास एवं संस्कृति व पुरातत्व, इतिहास, हिंदी, भूगर्भ शास्त्र, वाणिज्य, संस्कृत, जैव प्रौद्योगिकी, शारीरिक शिक्षा, पुस्तकालय सूचना एवं विज्ञान, संगीत वाद्य एवं गायन, मनोविज्ञान, दर्शन शास्त्र जैसे विषयों की अध्ययन सामग्री ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी।
यह भी पढ़ें- 26 साल बाद अवमानना याचिका लेकर पहुंचा उज्जैन का शख्स, 9285 दिन की देरी पर एमपी हाई कोर्ट का सुनवाई से इनकार