
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर को तोड़े जाने के बाद यहां रह रहे 490 परिवारों के सामने संकट खड़ा हो गया है। जर्जर होने के तर्क पर हाउसिंग बोर्ड इसे तोड़ने की तैयारी कर चुका है और यहां रहने वालों को अवैध और कब्जाधारी मानता है। बता दें कि हाउसिंग बोर्ड पुनर्विकास योजना के तहत इन क्वार्टरों को तोड़कर बहुमंजिला इमारत बनाने की योजना तैयार कर चुका है।
13 नवंबर तक मकान खाली करने की अंतिम तिथि थी और 14 नवंबर को बुलडोजर चलना था। ऐन वक्त पर कार्रवाई टलने से रहवासियों को कुछ दिनों की राहत जरूर मिली है, लेकिन दस्तावेज नहीं होने के कारण 490 परिवारों के सामने बिना किसी सरकारी सहायता के सड़क पर आने का संकट खड़ा हो गया है।
हाउसिंग बोर्ड के कमिश्नर गौतम सिंह का कहना है कि नगर निगम जनता क्वार्टर को 10 साल पहले ही जर्जर घोषित कर चुका है, इसलिए इन्हें तोड़ा जाना आवश्यक है। सहमति देने वाले 110 वैध आवंटियों को किराया और रीडेवलपमेंट के बाद 20 प्रतिशत अतिरिक्त बड़ा आवास दिया जाएगा। नई योजना में करीब 1200 से अधिक ईडब्ल्यूएस आवास बनाए जाएंगे।
जनता क्वार्टर में रहने वाली तीन महिलाओं ने बेदखली के डर के चलते 12 नवंबर को जहर खा लिया था। इसके बाद महिलाओं को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद महिलाएं सुरक्षित हैं, लेकिन आज भी जो लोग यहां रहते हैं उनके माथे पर चिंता की लकीरें साफ नजर आ रही हैं।
यह भी पढ़ें- दिलीप पुरी हत्याकांड की जांच तेज... शराब दुकानों के 6 वाहन व लेनदेन के दस्तावेज पुलिस ने किए जब्त