
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश में हाल ही में 11 जिलों के कलेक्टर बदलने के बाद एक बार फिर बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी है। प्रदेश में दिसंबर के अंतिम सप्ताह में विभिन्न स्तरों के अधिकारियों की पदोन्नतियां (प्रमोशन) की जाएंगी, जिसके बाद आगामी जनवरी महीने में नई पदस्थापनाएं और तबादले किए जाएंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) के अधिकारियों के अनुसार, उप सचिव से लेकर प्रमुख सचिव स्तर तक पदोन्नतियां प्रस्तावित हैं। इस प्रक्रिया में कुछ अधिकारी अपर सचिव, कुछ सचिव और कुछ प्रमुख सचिव पद पर पदोन्नत होंगे। पदोन्नति के इस दौर में ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान भी पदोन्नत होकर सचिव बन जाएंगी।
इस वजह से ग्वालियर समेत उन सभी जिलों में नए अधिकारियों की तैनाती की जाएगी, जहाँ के कलेक्टर पदोन्नत होकर वरिष्ठ पदों पर भेजे जाएंगे।
पदोन्नति के बाद बनने वाले रिक्त पदों को भरने के लिए नए अधिकारियों को अवसर दिया जाएगा। इसमें विशेष रूप से राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) से आईएएस (IAS) संवर्ग में आए वर्ष 2017 बैच के एक-दो अधिकारियों को भी जिलों में कलेक्टरी सौंपने की संभावना है। दिसंबर अंत में प्रमोशन लिस्ट जारी होने के तुरंत बाद जनवरी में नए तबादले का आदेश जारी किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- MP के हजारों सरकारी कर्मचारियों के प्रमोशन का रास्ता साफ, बिना CPCT पास किए भी मिलेगी पदोन्नति