चंबल के पानी पर राजस्थान की मनमानी, MP को 3900 की जगह मिल रहा महज 1900 क्यूसेक
राजस्थान में चंबल दायीं मुख्य नहर के करीब 130 किलोमीटर हिस्से के निरीक्षण में मध्य प्रदेश के अधिकारियों को 12 गेट बंद मिले। कई जगह पंप लगाकर पानी निकालने और छोटी नहरों में अधिक पानी छोड़े जाने के संकेत मिले।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 11:30:15 AM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 11:30:15 AM (IST)
फाइल फोटो।HighLights
- समझौते के अनुसार मध्य प्रदेश का हिस्सा 3900 क्यूसेक
- वर्तमान में मिल रहा पानी: करीब 1900 क्यूसेक
- चंबल के पानी के बंटवारे में मध्य प्रदेश को कम आपूर्ति
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया,भोपाल। चंबल के पानी के बंटवारे पर स्पष्ट समझौते के बावजूद राजस्थान लगभग हर साल मध्य प्रदेश को उसके हिस्से से कम पानी दे रहा है। रबी सीजन में सिंचाई शुरू होते ही कोटा बैराज से प्रदेश के लिए पानी की उपलब्धता घटा दी जाती है। इस बार समझौते के तहत मिलने वाले 3900 क्यूसेक में से प्रदेश को महज 1900 क्यूसेक पानी ही मिल पा रहा है।
नहर के 14 में से 12 गेट बंद मिले
दरअसल, कोटा बैराज से पानी छोड़ने का नियंत्रण राजस्थान के पास है, जहां से पानी छोड़ने में मनमानी होती है। पिछले दिनों राजस्थान में चंबल दायीं मुख्य नहर के करीब 130 किलोमीटर हिस्से के निरीक्षण में मध्य प्रदेश के अधिकारियों को नहर के 14 में से 12 गेट बंद मिले। कई जगह पंप लगाकर पानी निकाला जा रहा था। राजस्थान की कुछ छोटी नहरों में जरूरत से ज्यादा पानी छोड़े जाने के संकेत भी मिले।
इस मुद्दे पर मध्य प्रदेश का जल संसाधन विभाग राजस्थान के समकक्ष विभाग को पत्र लिखकर प्रमाण सहित आपत्ति दर्ज कराएगा। पत्र में नहरों के गेट बंद रखने, अवैध रूप से पानी निकालने और मप्र के हिस्से का पर्याप्त पानी न मिलने का उल्लेख होगा। विभाग की मांग है कि पार्वती एक्वाडक्ट तक कम से कम 3500 क्यूसेक पानी पहुंचाया जाए।
पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना से घटेगी निर्भरता
राजस्थान पर पानी के लिए हर साल निर्भरता कम करने के लिए मध्य प्रदेश अपनी अलग व्यवस्था विकसित कर रहा है। केंद्र सरकार, राजस्थान और मध्य प्रदेश की संयुक्त पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना के तहत मप्र अपनी अलग नहर बना रहा है। परियोजना पूरी होने पर सिंचाई के पानी के प्रबंधन में प्रदेश को अधिक स्वतंत्रता मिलेगी और राजस्थान की नहर व्यवस्था पर निर्भरता घटेगी।