
भोपाल (राज्य ब्यूरो)। नगरीय निकाय एवं पंचायतों का उप चुनाव शुक्रवार को शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। नगरीय निकायों में 69.13 और पंचायतों में 63 प्रतिशत मतदान हुआ है। नगरीय निकायों में 69.86 प्रतिशत पुरुष और 68.37 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया है, तो पंचायतों में 64.46 पुरुष एवं 61.47 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।
अब नगरीय निकायों की मतगणना और निर्वाचन परिणामों की घोषणा नौ जनवरी को सुबह नौ बजे से होगी। इसी तरह पंचायत उप निर्वाचन में पंचायत पद के लिए मतगणना मतदान के तुरंत बाद मतदान केंद्र में हो चुकी है। सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य पद के निर्वाचन परिणामों की घोषणा नौ जनवरी और जिला पंचायत सदस्य के निर्वाचन परिणाम की घोषणा 11 जनवरी को की जाएगी। उल्लेखनीय है कि 9220 पंच, 56 सरपंच, 15 जनपद पंचायत सदस्य एवं एक जिला पंचायत सदस्य के लिए और विभिन्न नगरीय निकायों में 20 पार्षद पद के लिए उप निर्वाचन हुआ है।
ग्वालियर के घाटीगांव के बन्हेरी गांव में शुक्रवार को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच सरपंच पद के लिए मतदान हुआ। पुलिस और प्रशासन घाटीगांव में चुनाव को लेकर जितना सजग, सतर्क और संवेदनशील था, यहां मतदान भी लोगों ने खूब किया। 73.03 प्रतिशत मतदान हुआ। बन्हेरी के जिस सरपंच की हत्या कर दी गई थी उनकी पत्नी ने भी चुनाव लड़ा। बन्हेरी के सरपंच विक्रम रावत की नौ अक्टूबर को गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से सरपंच का पद खाली हो गया था।