MP News: एपी श्रीवास्तव को बनाया रेरा का अध्यक्ष, पिछले वर्ष सितंबर से खाली था पद
MP News: मध्य प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण में बिल्डर-भवन मालिक विवाद के 320 मामले लंबित।
By Hemant Kumar Upadhyay
Edited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Thu, 04 Mar 2021 08:08:52 PM (IST)
Updated Date: Thu, 04 Mar 2021 08:37:10 PM (IST)

MP News: भोपाल(नवदुनिया स्टेट ब्यूरो)। राज्य सरकार ने प्रशासन अकादमी के अध्यक्ष अजीत प्रकाश श्रीवास्तव को रेरा (मध्य प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण) का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने गुरुवार को इसके आदेश जारी कर दिए हैं। श्रीवास्तव रेरा के दूसरे अध्यक्ष होंगे। पहला अध्यक्ष प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव अन्टोनी डिसा को बनाया गया था। जिन्हें सितंबर में हटाया दिया गया। तब से यह पद खाली था।
रेरा के अध्यक्ष का पद सितंबर 2020 से खाली है। तब से बिल्डर एवं आवंटी (मकान मालिक) के बीच विवादों के करीब 320 मामलों में सुनवाई पूरी नहीं हो पाई है। श्रीवास्तव के अध्यक्ष बनने से सुनवाई में गति आने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि सरकार ने डिसा को सितंबर 2020 में अध्यक्ष पद से अचानक हटा दिया था।
करीब चार माह तक चुप रहे डिसा का दर्द अपने गृह राज्य गोवा जाते हुए छलका था। उन्होंने आरोप लगाया था कि रेरा के अध्यक्ष का कार्यकाल पांच साल होता है और उसे विशेष परिस्थितियों में ही हटाया जा सकता है। फिर भी उन्हें कार्यकाल पूरा होने के एक महीने पहले ही हटा दिया गया।
यह पहला मौका नहीं है, जब मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी के साथ सरकार ने ऐसा सलूक किया हो। कमल नाथ सरकार में मुख्य सचिव बनाए गए एम. गोपाल रेड्डी को महज दो माह (मार्च 2020) में पद से हटा दिया गया था। मुख्य सचिव रहे आर, परशुराम को भी जून 2020 में अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के महानिदेशक पद से अचानक इस्तीफा देना पड़ा था। इसके एक दिन पहले ही आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के रोडमैप को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई बैठक में परशुराम शामिल हुए थे।