MP Police Headquarter: राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। सीधी में सात आदिवासी लड़कियों से दुष्कर्म की घटना का मामला अभी सरगर्म ही है कि राजधानी स्थित पुलिस मुख्यालय में महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। यहां एक सफाईकर्मी ने गुप्तचर शाखा (इंटेलिजेंस विंग) में पदस्थ कार्यवाहक उप निरीक्षक पीयूष मणि तिवारी पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। सफाईकर्मी के सुपरवाइजर की शिकायत के बाद आरोपित उप निरीक्षक को पहले निलंबित, फिर सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। संविधान के अनुच्छेद 311 के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई है। मामले की जांच डीएसपी स्तर के एक अधिकारी को सौंपी गई है। हालांकि, इस मामले में महिला ने अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई है।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय में आउटसोर्स पर काम कर रही सफाई कंपनी के सुपरवाइजर ने डीआइजी गुप्तचर शाखा आबिद खान को शिकायत कर बताया कि महिला सफाईकर्मी रविवार सुबह परिसर में ही बने स्टेट सिचुएशन सेंटर में सफाई के लिए पहुंची तो पीयूष मणि तिवारी वहां पहले से मौजूद था। महिला ने उसे बाहर जाने के लिए कहा, पर वह नहीं गया। कुछ देर बाद उसने महिला के कंधे पर हाथ रखा और छेड़छाड़ की कोशिश की। महिला के चिल्लाने पर आसपास के कर्मचारी भी पहुंच गए। हालांकि, रविवार होने के चलते परिसर में ज्यादा भीड़ नहीं थी।
प्रारंभिक जांच में घटना सही पाए जाने के बाद आबिद खान ने आरोपित उपनिरीक्षक को सेवा से पृथक कर दिया है। गुप्तचर शाखा के आइजी अंशुमान सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने बताया कि आरोपित लगभग 50 वर्ष का है। वह हाल ही में कार्यवाहक उपनिरीक्षक बना है। कई वर्ष से पुलिस मुख्यालय की विशेष शाखा में पदस्थ रहा है।