
नईदुनिया प्रतिनिधि, अशोकनगर। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद प्रदेशभर में जारी पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित कर दी गई है। इसके साथ ही पटवारियों ने काम पर वापसी कर ली है। इस निर्णय से राजस्व संबंधी कार्यों के फिर से गति पकड़ने की उम्मीद है।
पटवारी संगठन के अनुसार मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद पटवारियों के खिलाफ की गई समस्त कार्यवाहियों को शून्य कर दिया गया है। अशोकनगर जिले में भी कलेक्टर द्वारा की गई सभी संबंधित कार्यवाहियां वापस ले ली गई हैं।
वहीं स्वामित्व रजिस्ट्री से संबंधित सर्कुलर में आवश्यक कानूनी संशोधन कर पटवारियों को उनकी मांग के अनुरूप सुरक्षा प्रदान किए जाने की बात कही गई है। इसे हड़ताल स्थगित करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है। पटवारियों की अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए 27 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के साथ पटवारी महापंचायत आयोजित की जाएगी। संगठन को उम्मीद है कि इस महापंचायत में शेष मांगों के समाधान के लिए भी घोषणाएं की जाएंगी।
मुख्यमंत्री के आश्वासन और कार्रवाई वापस लिए जाने के बाद पटवारियों ने फिलहाल आंदोलन स्थगित कर दिया है और अपने काम पर लौट आए हैं। अब सभी की निगाहें 27 अक्टूबर को होने वाली महापंचायत पर टिकी हैं, जहां पटवारियों की शेष मांगों पर निर्णय होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में 37 करोड़ की फोरेंसिक वैन बनीं शोपीस! 57 में से 29 गैरेज में कबाड़, स्टाफ की कमी से अटका काम