
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश से अपहृत नाबालिग बेटियों को उत्तर प्रदेश, गुजरात और केरल तक ले जाने के गंभीर मामले सामने आए हैं। 'ऑपरेशन मुस्कान' के अंतर्गत पिछले तीन सप्ताह में पुलिस ने अपहरण के पांच मामलों में दूसरे राज्यों से बालिकाओं को सकुशल खोजा है।
इनमें तीन उत्तर प्रदेश में मिलीं, जबकि गुजरात और केरल में एक-एक बालिका को खोजा गया। इन कार्रवाइयों से पता चल रहा है कि बालिकाओं को दूसरे राज्यों में ले जाने और बेचने का नेटवर्क किस तरह सक्रिय है।
पुलिस कार्रवाई में टीकमगढ़ की तीन अपहृत बालिकाओं में से एक को उत्तर प्रदेश के मेरठ और दो को हमीरपुर से बरामद किया गया। इसी तरह, बालाघाट की अपहृत बालिका केरल के इडुक्की जिले में मिली, जबकि इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र से अपहृत 17 वर्षीय बालिका को गुजरात के राजकोट जिले के गोंडल तालुका से बरामद किया गया।
ये मामले ऐसे समय सामने आए हैं, जब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने भी हाल ही में एक मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया था। इस रिपोर्ट में बताया गया था कि मध्य प्रदेश और राजस्थान की नाबालिग बच्चियों को महाराष्ट्र में बेच दिया जाता है। आयोग ने इस गंभीर मामले में संबंधित राज्यों के मुख्य सचिव और डीजीपी से जवाब मांगा था।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत दूसरे राज्यों से बरामद दो बालक और पांच बालिकाओं को मिलाकर सात अन्य मामले गुमशुदगी के भी सुलझाए गए हैं। इनमें मुरैना, नर्मदापुरम, कटनी, ग्वालियर और भिंड की एक-एक बालिका को खोजा गया है, जबकि सिंगरौली के दो बालक शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- MP में शिक्षकों की पात्रता परीक्षा 20 दिसंबर को, 10वीं-12वीं बोर्ड की तरह कड़ी निगरानी में होगी TET