
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में शिक्षकों की पात्रता जांचने के लिए पहली शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 20 दिसंबर को आयोजित होगी। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसको 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा की तरह सख्त निगरानी में कराने की योजना है। प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने सहित पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी।
सुबह 11 बजे से जिला मुख्यालयों पर बनाए गए केंद्रों में परीक्षा होगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। मंडल की ओर से प्रश्नपत्रों को सुरक्षित पुलिस थानों में रखा जाएगा। परीक्षा के दिन इन्हें केंद्राध्यक्ष और कलेक्टर प्रतिनिधि की निगरानी में केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। परीक्षा के संचालन और सुरक्षा को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश मंडल की ओर से जल्द जारी किए जाएंगे।
प्रदेश में कुल 33,834 शिक्षक टीईटी में शामिल होंगे। इनमें 15,176 प्राथमिक और 18,658 माध्यमिक वर्ग के शिक्षक हैं। इनमें करीब 20 हजार सरकारी और 14 हजार निजी स्कूलों के शिक्षक शामिल हैं। आवेदन की अंतिम तारीख तीन बार बढ़ाए जाने के बाद भी इतने ही आवेदन प्राप्त हुए हैं।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद प्रदेश में यह शिक्षकों की पहली पात्रता परीक्षा होगी। कोर्ट ने शिक्षकों की पात्रता जांच के लिए वर्ष 2028 तक तीन साल के अंतराल में परीक्षा आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हर वर्ष दो परीक्षाएं कराने की बात कही गई है। हालांकि, मध्य प्रदेश में इस वर्ष केवल एक परीक्षा आयोजित हो सकेगी।
प्रदेश में टीईटी के दायरे में आने वाले शिक्षकों की संख्या करीब डेढ़ लाख है। शिक्षक संगठनों के विरोध के बीच आवेदन अपेक्षा से काफी कम रहे। माशिमं को परीक्षा एजेंसी बनाए जाने के बाद आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाई गई थी। फिर भी आवेदन कम हुए। हालांकि स्कूल शिक्षा विभाग ने परीक्षा की तैयारी के लिए मॉडल प्रश्नपत्र वेबसाइट पर अपलोड किया है। जुलाई से शिक्षकों के लिए ऑनलाइन कोचिंग कक्षाएं भी संचालित की जा रही हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में सायरन बजते ही मची अफरा-तफरी, ड्रोन हमले में घायलों को बचाने दौड़ीं राहत टीमें; परखी तैयारियां
अध्यापक संयुक्त मोर्चा के सदस्य राकेश पटेल ने कहा कि 25 से 30 साल से पढ़ा रहे शिक्षकों को अब दोबारा पात्रता परीक्षा देना उचित नहीं है। उनका कहना है कि 2005 से 2011 के बीच करीब 75 हजार शिक्षक पात्रता परीक्षा देकर भर्ती हुए थे। इसके विरोध में शिक्षक 27 नवंबर को नई दिल्ली में प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि शासन से चर्चा में शिक्षकों के प्रतिनिधियों से जल्द मुलाकात का आश्वासन मिला है, लेकिन इसके बावजूद परीक्षा कराने की तैयारी जारी है।
मप्र बोर्ड 10वीं व 12वीं की तरह कड़ी निगरानी में टीईटी का आयोजन जिला मुख्यालयों पर बने परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। इसके लिए केंद्रों का निर्धारण कर लिया गया है। - बुद्धेश कुमार वैद्य, सचिव, माशिमं