
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के पास साढ़े छह करोड़ (6.54 करोड़) तो उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी के पास 10 करोड़ 66 लाख रुपये की चल संपत्ति है। पत्नी के पास विदेशी मुद्रा भी है। पुरी ने मध्य प्रदेश में राज्यसभा उप चुनाव के लिए शनिवार को नामांकन पत्र के साथ जमा किए शपथ पत्र में स्वयं व पत्नी की संपत्ति का ब्योरा दिया है।
हरदीप सिंह पुरी के पास 20 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है, जिसमें दिल्ली के वेस्ट एंड में स्थित आवासीय भवन शामिल है। पत्नी के पास 2,90,658 अमेरिकी डॉलर (यूनाइटेड नेशंस फेडरल क्रेडिट यूनियन बैंक खाते में) हैं। नौ करोड़ रुपये की अचल संपत्ति में (ग्रेटर नोएडा में घर) और तीस लाख स्विस फ्रैंक (स्विट्जरलैंड के तन्नाय में अपार्टमेंट) शामिल है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में पुरी की कुल घोषित आय 75.57 लाख रुपये और उनकी पत्नी की आय 1.69 करोड़ रुपये है। पुरी ने अपने शपथ पत्र में अपनी और अपनी पत्नी की पिछले पांच वर्षों की आय, चल-अचल संपत्ति और अन्य वित्तीय विवरणों की भी घोषणा की है।
शपथ पत्र के अनुसार पुरी और उनकी पत्नी पर किसी भी बैंक या वित्तीय संस्थान का कोई कर्ज या देनदारी बकाया नहीं है। पुरी के खिलाफ कोई भी आपराधिक मामला लंबित नहीं है और न ही उन्हें कभी किसी मामले में दोषी ठहराया गया है।
यह भी पढ़ें- एमपी में अगले 4 दिन तक बारिश का अलर्ट, भोपाल-इंदौर समेत कई जिलों में बरसेंगे बादल, तापमान में भारी गिरावट
| संपत्ति विवरण | हरदीप सिंह पुरी | पत्नी (लक्ष्मी पुरी) |
| कुल चल संपत्ति | 6.54 करोड़ | 10.66 करोड़ और यूएस डॉलर 2,90,658 |
| कुल अचल संपत्ति | 20 करोड़ | नौ करोड़ और तीस लाख स्विस फ्रैंक |
| कुल | 26.54 करोड़ | 19.66 करोड़ प्लस विदेशी मुद्रा/संपत्तियां |