
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। चक्रवाती तूफान अर्णब कमजोर पड़कर लगभग खत्म हो गया है, लेकिन अभी भी इसके प्रभाव से एक सिस्टम बना हुआ है। इसकी वजह से मध्य प्रदेश में अगले चार दिनों तक बारिश के आसार बने रहेंगे। इसका सबसे अधिक प्रभाव पूर्वी मध्य प्रदेश में रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग के जिलों पर पड़ेगा। पश्चिमी मध्य प्रदेश के भी कुछ जिलों में छिटपुट बारिश संभावित है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान अर्णब के अवशेष के रूप में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में मौसम प्रभावित हो सकता है।
इसके अलावा बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में एक सुस्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके अगले छह घंटों में अवदाब और उसके बाद चक्रवाती तूफान में परिवर्तित होने की संभावना है। हालांकि, इसका संभावित मार्ग आंध्र प्रदेश के तट की ओर है, इसलिए मध्यप्रदेश पर इसका सीधा प्रभाव सीमित रहने की संभावना है।
एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है। इसके साथ ही एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी पश्चिमी पवनों में ट्रफ के रूप में मौजूद है। इन मौसमी परिस्थितियों के चलते एक और दो नवंबर को पूर्वी मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इन इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
पश्चिमी मध्यप्रदेश में भी कहीं-कहीं छिटपुट वर्षा के आसार हैं। दो नवंबर को बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं, लेकिन छिटपुट बरसात की संभावना चार नवंबर तक बनी रहेगी। फिलहाल प्रदेश में व्यापक या भारी बारिश की स्थिति के संकेत नहीं हैं।
यह भी पढ़ें- 'रामभक्ति के नाम पर केवल चंदा उगाही...', दिग्विजय सिंह का विहिप पर आरोप, मंदिर ट्रस्ट पर भी उठाए सवाल
बरसात से सूरज के तेवर अचानक ढीले पड़ गए हैं। शनिवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस तक कम है। न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस कम है।
इंदौर सामान्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस तक ठंडा रहा। वहीं जबलपुर 5.3 डिग्री सेल्सियस और ग्वालियर 2.8 डिग्री सेल्सियस तक ठंडा हुआ। हालांकि ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है।