
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश के प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में दिए जाने वाले भोजन में अब विभिन्न अंचलों के व्यंजन शामिल होंगे। कहीं मुनगा (सहजन) की हरी पत्ती रोटी में मिलाई जाएगी, तो कहीं बाजरा, कहीं चुकंदर तो कहीं बथुआ। सप्ताह में कम से कम एक दिन अंचल का पारंपरिक भोजन देना अनिवार्य होगा।
रोटी-पूरी हरी, गुलाबी थाली में नजर आएगी। इसके लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना की नई मार्गदर्शिका जारी की है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने भी इसके अनुरूप ही निर्देश दिए हैं।
विभाग द्वारा जारी मार्गदर्शिका के अनुसार भोजन का मेनू तैयार करने में स्कूल प्रबंधन समिति, अभिभावकों और विद्यार्थियों से भी उनकी पसंद के बारे में जानकारी ली जाएगी। विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार मालवा में भुट्टे का कीस, दाल-बाफला, सेव-टमाटर की सब्जी, दलिया, दाल-पानिया या मक्का-ज्वार की भाकरी दी जाएगी।
इंदौर-महाकोशल के क्षेत्र में कोदो-कुटकी का उपयोग होगा। विंध्य-बुंदेलखंड में बेसन के चीले, महेरी, ग्वालियर-चंबल में बाजरे की राबड़ी को शामिल किया जाएगा। जनजातीय क्षेत्र में महुआ-अलसी के लड्डू, कोदो-कुटकी की खीर-खिचड़ी दी जाएगी।
गाजर, चुकंदर को मिलाकर रोटी बनेगी, जिससे वह गुलाबी नजर आएगी। वहीं, मुनगा की पत्तियों को सुखाकर उसका पाउडर बनाया जाएगा, जिसे आटे, दाल व खिचड़ी में मिलाया जाएगा। इससे भोजन पौष्टिक होगा। सेम, बरबटी, हरा चना, मूंग दाल, सोया बड़ी आदि भी भोजन का हिस्सा होंगे।
यह भी पढ़ें- इंदौर दूषित जल कांड के जिम्मेदार EE बहाल, संजीव श्रीवास्तव को भोपाल PHE में पोस्टिंग; निचला स्टाफ सस्पेंड