
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत ई-बसे चलाई जाएंगी। हरियाणा की ईएमटी ईवी कंपनी की यह इलेक्ट्रिक बसें सागर, भोपाल, जबलपुर और कटनी से अन्य शहरों के बीच चलाई जाएंगी। पूरी तरह से वातानुकूलित (एसी) बसों में प्रत्येक सीट पर मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट दिए गए हैं।
भविष्य में इन बसों में एडास सिस्टम का उपयोग किया जाएगा, जिससे दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्वत: बस में ब्रेक लग जाएगा। ईएमटी ईवी के सीईओ मनोज सोनी ने बताया कि मप्र में इस बसों के संचालन से प्रत्यक्ष रूप से 1500 लोगों को रोजगार मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इन ईवी बसों से सीओ-2 उत्सर्जन में कमी आएगी जो 74,500 लीटर पेट्रोल जलाने से होने वाले उत्सर्जन के बराबर है। वहीं प्रत्येक बस 65,000 लीटर डीजल जलाने के बराबर उत्सर्जन से बचाव करती है। प्रत्येक बस 8,000 पेड़ों के बराबर सीओ-दो उत्सर्जन बचाती है। अगले पांच वर्षों में हर वर्ष 5,000 बसों के निर्माण की योजना है।
कंपनी की इस 12 मीटर की इलेक्ट्रिक बस का समग्र डिजाइन लंबी दूरी की यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा और व्यवहारिक जरूरतों को ध्यान में रखकर किया गया है। कोच में एलएफपी बैटरी का उपयोग किया गया है, जिसकी कुल ऊर्जा क्षमता 423.9 किलोवाट प्रति घंटे है। इसमें पीएमएसएम मोटर दी गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार की शाम गोविंदपुरा, बीएचईएल क्षेत्र में स्थित दशहरा मैदान पहुंचकर शुक्रवार को होने वाले मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम की तैयारी का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने नई बसों की विशेषताओं की जानकारी प्राप्त की और बसों में बैठकर भी आधुनिक तकनीक और यात्रियों के लिए की गई सुविधाओं का जायजा लिया। परिवहन सचिव मनीष सिंह ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम से जुड़ी आवश्यक जानकारियों से अवगत करवाया।
यह भी पढ़ें- एमपी में जारी रहेगा बारिश का दौर, रीवा-जबलपुर समेत 13 जिलों में होगी भारी वर्षा; ऑरेंज अलर्ट जारी