
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। अचानक सायरन बजा और कुछ ही देर में सिविक सेंटर के जेडीए कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया। बाजार में ड्रोन हमले और विस्फोट से कुछ लोगों के हताहत होने की सूचना के बाद राहत एवं बचाव दल सक्रिय हो गए।
कोई घायलों को प्राथमिक उपचार देने में जुटा था तो कोई उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचा रहा था। पुलिस ने मोर्चा संभालकर यातायात और कानून-व्यवस्था नियंत्रित की, वहीं फायर ब्रिगेड आग बुझाने में जुट गई। यह किसी वास्तविक हमले की घटना नहीं, बल्कि गुरुवार शाम छह बजे आयोजित सिविल डिफेंस की हवाई हमले और ब्लैकआउट से बचाव संबंधी मॉक ड्रिल का दृश्य था।
यह भी पढ़ें- सातवें वेतनमान पर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट सख्त, दो वरिष्ठ IAS अधिकारियों को दिया अल्टीमेटम
हाट बाजार का तैयार किया परिदृश्य
इस अभ्यास में हाट बाजार का परिदृश्य तैयार किया गया था। इसमें दुश्मन देश के ड्रोन हमले और विस्फोट के बाद लोगों के हताहत होने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। चेतावनी सायरन बजते ही संबंधित राहत एजेंसियों ने अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप कार्रवाई शुरू की।
स्वास्थ्य विभाग और एसडीईआरएफ की टीमों ने घायलों को प्राथमिक उपचार देकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का अभ्यास किया। पुलिस ने कानून-व्यवस्था और यातायात नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाली। वहीं, अग्निशमन दल ने आगजनी की स्थिति में तत्काल पहुंचकर आग पर काबू पाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
आपात स्थिति से निपटने की परखी तैयारी
माक ड्रिल का उद्देश्य हवाई हमले जैसी आपात परिस्थितियों में विभिन्न विभागों और राहत एजेंसियों के बीच तालमेल मजबूत करना था। इसके जरिए यह परखा गया कि चेतावनी मिलने के बाद संबंधित विभाग कितनी तत्परता से सक्रिय होते हैं और राहत एवं बचाव कार्यों को किस तरह अंजाम देते हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 10 साल तक महिला ने खरीदे आभूषण, बाद में काले पड़े तो खुली जालसाजी की पोल; सराफा कारोबारी पर केस
अभ्यास में होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा वार्डन, आपदा मित्र, एनसीसी कैडेट सहित पुलिस, अग्निशमन, बिजली और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर जिला होमगार्ड कमांडेंट नीरज सिंह ठाकुर सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। माक ड्रिल के माध्यम से आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, संसाधनों के उपयोग और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय का अभ्यास किया गया।
यह भी पढ़ें- संविधान बचाने एक बैलगाड़ी पर चढ़े 50 कांग्रेसी, बीजेपी बोली- यह जानवरों पर अत्याचार, संविधान कैसे बचाएंगे