
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर मध्य प्रदेश में शिक्षकों की पहली पात्रता परीक्षा 20 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा की तारीख तय कर दी है। परीक्षा सभी जिला मुख्यालयों पर सुबह 11 बजे से शुरू होगी। परीक्षा से जुड़े विस्तृत निर्देश मंडल अलग से जारी करेगा।
सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि वह वर्ष 2028 तक तीन साल की अवधि में पात्रता परीक्षा लेकर शिक्षकों की योग्यता की जांच कराए। कोर्ट ने हर साल दो परीक्षाएं कराने को कहा है, लेकिन प्रदेश में चालू वर्ष में केवल एक परीक्षा ही हो पाएगी।

माध्यमिक शिक्षा मंडल ने लोक शिक्षण आयुक्त को पत्र लिखकर बताया था कि 10 नवंबर के बाद वह कभी भी परीक्षा कराने के लिए तैयार है। मंडल ने 13 दिसंबर या 20 दिसंबर में से किसी एक तिथि का प्रस्ताव भी रखा था। लोक शिक्षण आयुक्त कार्यालय ने 20 दिसंबर पर सहमति दी, जिसके बाद मंडल के सचिव बुद्धेश वैद्य ने तारीख घोषित कर दी।
प्रदेश में पात्रता परीक्षा के दायरे में करीब डेढ़ लाख शिक्षक बताए जा रहे हैं। शुरुआत में लोक शिक्षण आयुक्त के प्रस्ताव पर कर्मचारी चयन मंडल ने ऑनलाइन परीक्षा के लिए आवेदन लेना शुरू किया था।
यह भी पढ़ें- भोपाल में हॉकी का महाकुंभ, महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया का एलान, सलीमा टेटे को कमान
इसी बीच शिक्षक संगठनों ने मांग रखी कि ग्रामीण क्षेत्रों के शिक्षकों में कंप्यूटर चलाने की दक्षता कम है, इसलिए परीक्षा ऑफलाइन हो। स्कूल शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद इस पर सहमति बनी और परीक्षा एजेंसी कर्मचारी चयन मंडल की जगह माध्यमिक शिक्षा मंडल को बना दिया गया।
एजेंसी बदलने के बाद आवेदन की तारीख दो बार बढ़ाई गई, फिर भी शिक्षक संगठनों के विरोध के चलते केवल 34,199 शिक्षकों ने आवेदन किया। इनमें करीब 20 हजार सरकारी और लगभग 14 हजार निजी स्कूलों के शिक्षक हैं।