• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
  • मेरी खबरें
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • AI बूटकैंप
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • गणेशोत्‍सव 2026
  • हनुमान अंश
  • Mutual Funds मास्टरी
  • मध्‍य प्रदेश की खबरें
  • राशि परिवर्तन
  • मानसून
  • स्वच्छ जल
  • होम
  • मध्य प्रदेश
  • भोपाल

एमपी में शिक्षक पात्रता परीक्षा का सिलेबस जारी! DPI ने स्पष्ट किया प्रारूप, 150 अंकों के होंगे MCQ

प्रदेश के करीब डेढ़ लाख सेवारत शिक्षकों के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की ओर से आयोजित की जाने वाली TET का सिलेबस लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने ...और पढ़ें

By Anjali raiEdited By: ADITYA KUMAR
Publish Date: Thu, 24 Sep 2026 06:48:02 PM (IST)Updated Date: Thu, 24 Sep 2026 06:48:02 PM (IST)
एमपी में शिक्षक पात्रता परीक्षा का सिलेबस जारी! DPI ने स्पष्ट किया प्रारूप, 150 अंकों के होंगे MCQ
एमपी में शिक्षक पात्रता परीक्षा का सिलेबस जारी! DPI ने स्पष्ट किया प्रारूप

HighLights

  1. माशिमं टीईटी का सिलेबस जारी; दिसंबर मध्य में परीक्षा संभव
  2. प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षकों के लिए 150 अंकों का पेपर
  3. आवेदन की अंतिम तिथि 5 अक्टूबर; आरक्षित वर्ग को 50% अंक

नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश के करीब डेढ़ लाख सेवारत शिक्षकों के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की ओर से आयोजित की जाने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) का सिलेबस लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने जारी कर दिया है। परीक्षा में प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों के लिए अलग-अलग कठिनाई स्तर निर्धारित किया गया है।

प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा का प्रश्नपत्र हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर का होगा, जबकि माध्यमिक शिक्षक के लिए प्रश्नपत्र का कठिनाई स्तर स्नातक स्तर का रखा गया है। जल्द ही ब्लूप्रिंट अपलोड किया जाएगा। परीक्षा दिसंबर के मध्य में आयोजित होने की संभावना है।


आवेदन की अंतिम तिथि पांच अक्टूबर निर्धारित की गई है। अभी तक करीब 25 हजार आवेदन हुए हैं। हालांकि, शिक्षक संगठनों ने कंप्यूटर आधारित कोडिंग-डिकोडिंग, समसामयिक घटनाक्रम और माध्यमिक स्तर पर स्नातक कठिनाई के प्रश्न शामिल किए जाने पर आपत्ति जताई है।

150 अंकों की परीक्षा में स्नातक स्तर के पूछे जाएंगे प्रश्न

माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा का प्रश्नपत्र 150 अंकों का होगा। भाग-अ 30 अंकों का रहेगा, जिसमें तीनों भाषाओं में सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक घटनाक्रम, तार्किक योग्यता और शिक्षाशास्त्र से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। शिक्षाशास्त्र की विषयवस्तु का स्तर हायर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा के समकक्ष रहेगा।

भाग-ब 120 अंकों का विषय आधारित प्रश्नपत्र होगा। अभ्यर्थी अपनी स्नातक उपाधि के मुख्य विषय में ही परीक्षा दे सकेंगे। प्रश्न मप्र की कक्षा नौवीं और दसवीं के प्रचलित पाठ्यक्रम पर आधारित होंगे, लेकिन उनका कठिनाई स्तर स्नातक स्तर का रखा जाएगा।

भारतीय इतिहास, भूगोल, संविधान और कोडिंग-डिकोडिंग शामिल

सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक घटनाक्रम में भारतीय इतिहास, राष्ट्रीय आंदोलन, भारत एवं विश्व का भूगोल, संविधान, राजनीतिक व्यवस्था, पंचायती राज, सार्वजनिक मुद्दे, अधिकार, पर्यावरण, पारिस्थितिकी, जैव विविधता और जलवायु परिवर्तन से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे। सामान्य विज्ञान, भारतीय संस्कृति, अंतरराष्ट्रीय खेलकूद और मध्यप्रदेश के आर्थिक और सामाजिक विकास से जुड़े सवाल भी पूछे जाएंगे।

वहीं तार्किक एवं आंकिक योग्यता में विश्लेषणात्मक क्षमता, रीजनिंग, संबंध एवं पदानुक्रम, एनालाजी, दावा, कोडिंग-डिकोडिंग, आंकड़ों की व्याख्या, दिशा ज्ञान और अंकगणित जैसे विषय शामिल किए गए हैं।

MCQ और आरक्षित वर्ग के लिए 50% अर्हता अंक अनिवार्य

प्राथमिक और माध्यमिक दोनों स्तरों के प्रश्नपत्र 150-150 अंकों के होंगे। परीक्षा की अवधि ढाई घंटे रहेगी। सभी प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। प्रत्येक सवाल में चार विकल्प दिए जाएंगे, जिनमें से एक सही होगा। परीक्षा के दोनों भाग सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य होंगे।

एससी, एसटी, ओबीसी, दिव्यांग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों को पात्रता के लिए 50 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य होगा। वहीं सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। आवेदन संख्या के आधार पर जिला या ब्लाक स्तर पर परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। प्रश्नपत्र तैयार करने के लिए विशेषज्ञों की टीम गठित की गई है।

जानें किस भाग से पूछे जाएंगे कितने अंक के सवाल

माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में इस तरह अंक विभाजन होगा। भाग-अ 30 अंक का रहेगा, जिसमें भाषा-1 हिंदी या संस्कृत आठ अंक, भाषा-2 सामान्य अंग्रेजी पांच अंक, सामान्य ज्ञान व समसामयिक घटनाक्रम, तार्किक एवं आंकिक योग्यता सात अंक और शिक्षा शास्त्र 10 अंक का होगा। भाग-ब विषय 120 अंक का रहेगा, जिसमें हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान शामिल हैं।

प्राथमिक स्तर का प्रश्नपत्र 150 अंक का होगा, जिसमें बाल विकास एवं शिक्षाशास्त्र 30 अंक, भाषा-1 30 अंक, भाषा-2 30 अंक, गणित 30 अंक और पर्यावरण अध्ययन 30 अंक का रहेगा।

यह भी पढ़ें- धार-छोटा उदयपुर रेल परियोजना : 18 साल पहले 608 करोड़ थी लागत, अब सिर्फ 45.71 किमी पर ही लगेंगे 3100 करोड़

टीईटी को लेकर तैयारियां पूरी हो गई है। सिलेबस भी जारी कर दिए गए हैं। ब्लू प्रिंट भी जल्द अपलोड किए जाएंगे, ताकि शिक्षकों को परीक्षा की तैयारी में आसानी हो सके। - अभिषेक सिंह, आयुक्त, डीपीआई