
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के तीन दिवसीय दुबई दौरे से मध्य प्रदेश में निवेश की राह आसान हुई है। लॉजिस्टिक, ग्रीन एनर्जी और टेक्नोलाजी के साथ ही के-12 स्कूल कैंपस जैसी वैश्विक कंपनियों ने प्रदेश में निवेश करने में रुचि दिखाई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित एनुअल इन्वेस्टमेंट मीटिंग (एआइएम कांग्रेस-2026) के दौरान यूएई के प्रमुख निवेशकों और उद्यमियों के साथ वन-टू-वन बैठक की।
मुख्यमंत्री से जेम्स एजुकेशन कंपनी के चेयरमैन-फाउंडर सनी वर्की ने चर्चा के दौरान मप्र के प्रमुख शहरों और विकासशील शहरों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के के-12 स्कूल कैंपस स्थापित करने में रुचि प्रदर्शित की। इन स्कूलों में विद्यार्थियों में कौशल विकसित करने के लिए ट्रेनिंग भी दी जाएगी। कंपनी स्थानीय जरूरतों और भविष्य की लर्निंग आवश्यकताओं के अनुसार नेशनल और इंटरनेशनल करिकुलम को लागू करेगी।
मुख्यमंत्री से ब्यूमर्क कार्पोरेशन लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन और सीईओ सिद्धार्थ बालाचंद्रन ने चर्चा के दौरान इंफ्रास्ट्रक्चर, हेल्थ केयर, टेक्नोलाजी, ग्रीन एनर्जी सहित कई सेक्टर में निवेश की इच्छा प्रकट की। मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान क्रेसेंट एंटरप्राइजेज के चीफ एग्जीक्यूटिव आफिसर बद्र जाफर ने शहरी अधोसंरचना विकास, सूचना प्रौद्योगिकी, संसाधनों के प्रभावी उपयोग, तकनीक हस्तांतरण के क्षेत्र में दीर्घ अवधि निवेश के संबंध में रुचि प्रकट की।
मुख्यमंत्री ने शराफ ग्रुप के प्रेसिडेंट-सीईओ श्याम कपूर से मुलाकात कर मप्र में रेल-साइडिंग युक्त लाजिस्टिक्स पार्क स्थापित करने के प्रस्ताव पर चर्चा की। इसके लिए लगभग 30 से 50 मिलियन अमेरिकी डालर के निवेश का प्रस्ताव है। इस परियोजना से लगभग 300 से 600 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। कंपनी इंदौर और पीथमपुर क्षेत्र में निवेश के लिए इच्छुक है।
कंपनी मप्र में अपना संचालन एवं प्रतिष्ठान स्थापित करने के लिए विशेष रूप से इच्छुक है। वहीं मुख्यमंत्री ने वीएफएस ग्लोबल के वैश्विक प्रमुख अमित साइचर को भोपाल और इंदौर में वीजा आवेदन सेवाओं का दायरा बढ़ाने तथा क्षेत्रीय पहुंच को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान सुपरमार्केट, वितरण और विनिर्माण क्षेत्र के प्रमुख बहुराष्ट्रीय समूह चोइथराम के अध्यक्ष एल. टी. पगरानी ने प्रदेश के प्रमुख शहरों में सुपरमार्केट और आधुनिक किराना-रिटेल प्रारूपों की स्थापना की इच्छा जताई। औद्योगिक साझेदारी के तहत समूह मप्र के स्थानीय उत्पादकों और किसानों से सीधे कृषि व प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों की खरीद करेगा। स्थानीय कच्चे माल का उपयोग कर राज्य में खाद्य प्रसंस्करण, पैकेजिंग और निजी लेबल विनिर्माण को गति दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने शारजाह स्थित बी-आह फैसेलिटी के ग्रुप सीईओ एवं वाइस-चेयरमैन खालिद अल हुरैमल के साथ एक उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठक कर बी आह को इंदौर के सालिड वेस्ट मैनेजमेंट और बायो-सीएनजी माडल के साथ जुड़कर नए आधुनिक समाधानों पर मिलकर काम करने का प्रस्ताव दिया, जिससे कचरा प्रबंधन के साथ-साथ जीरो-वेस्ट लैंडफिल के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।
शारजाह चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री एवं एक्सपो सेंटर के चेयरमैन अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस से मुख्यमंत्री ने मप्र में एक उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने का आग्रह किया। साथ ही, दोनों क्षेत्रों के उद्यमियों के बीच सेक्टर-आधारित बी-2-बी बैठकों के आयोजन के लिए मप्र-शारजाह बिजनेस फोरम का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने राज्य के एमएसएमई और निर्यातकों को खाड़ी देशों के प्रमुख खरीदारों व वितरकों से जोड़ने के लिए शारजाह चैंबर से सहयोग का आह्वान किया।
यह भी पढ़ें- हादसे में गंवाया हाथ, जमीन भी बिकी, ठेले पर लेटकर न्याय के लिए कमिश्नर दफ्तर पहुंचा लाचार किसान
मुख्यमंत्री ने डीपी वर्ल्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिजवान सूमार के साथ चर्चा में कहा कि पोवारखेड़ा लाजिस्टिक्स कंपोजिट हब को अंतरदेशीय लाजिस्टिक्स के प्रमुख प्रवेश द्वार के रूप में विकसित करने की संभावना है। प्रमुख औद्योगिक और कृषि क्लस्टरों को सेवा देने वाली मल्टीमाडल लाजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और कोल्ड-चेन सुविधाओं से व्यापार-व्यवसाय गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।