
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के चयन के लिए राज्य सरकार ने 12 नामों का पैनल संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) को भेज दिया है। वरिष्ठता सूची में सबसे ऊपर 1991 बैच के आइपीएस अधिकारी वरुण कपूर हैं। वह अभी जेल महानिदेशक के पद पर हैं। इसके बाद इसी बैच के उपेंद्र जैन हैं। वह आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) के महानिदेशक हैं।
वरिष्ठता में तीसरा नाम 1991 बैच की अधिकारी और होमगार्ड की महानिदेशक प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव का है। शासन ने जिन 12 नामों का पैनल भेजा है, उनमें सभी स्पेशल डीजी शामिल हैं। बता दें, डीजीपी कैलाश मकवाणा का कार्यकाल 30 नवंबर को समाप्त हो रहा है।
नियमानुसार तीन माह पहले राज्य सरकार की ओर से यूपीएससी को नाम भेजना होते हैं। इसके बाद यूपीएससी इन्हीं में से तीन नामों को पैनल राज्य सरकार को भेजेगी, जिसमें एक का चयन किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार डीजीपी के लिए सबसे अधिक चर्चा उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव की चल रही है। दोनों एक ही बैच के हैं। प्रज्ञा ऋचा को अवसर मिलता है तो वह प्रदेश की पहली महिला डीजीपी होंगी।
यह भी पढ़ें- लाड़ली बहनों का इंतजार खत्म... इस दिन जारी होगी 40वीं किस्त, महिलाओं के खाते में आएंगे 1500 रुपये