
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश के 13 राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को इस बार आइएएस संवर्ग में नियुक्ति मिलनी है। इसके लिए संघ लोक सेवा आयोग में सोमवार को विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक हुई। इसमें मुख्य रूप से 2007-08 बैच के अधिकारियों के नाम पर विचार हुआ।
विभागीय जांच आदि कारणों से कमल नागर सहित कुछ अधिकारियों के नाम अलग गए। इस बार दस महिला अधिकारियों को आइएएस संवर्ग मिल सकता है। बैठक में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल शामिल हुए। डीपीसी में एक पद के विरुद्ध तीन नाम प्रस्तावित किए जाते हैं। 13 पदों के लिए 39 नाम भेजे गए थे। इनमें जयेंद्र विजयवत और मनोज मालवीय (1999 बैच) आयु सीमा के कारण बाहर हो गए तो कमल नागर (2002 बैच) का मामला विचाराधीन है।
सूत्रों का कहना है कि 2007 बैच की मिनिषा पांडे, इला तिवारी, सपना एम सोलंकी, नीता राठौर, शैलेंद्र सिंह सोलंकी, रानी पासी, रंजना देवड़ा, माधवी नागेंद्र और वर्षा सोलंकी को आइएएस संवर्ग आवंटित हो सकता है। वहीं, 2008 बैच में प्रियंका गोयल, अभिषेक दुबे, नरोत्तम प्रसाद भार्गव और निधि सिंह राजपूत को अवसर मिल सकता है।
यह भी पढ़ें- माता की मूर्ति विसर्जन यात्रा में मधुमक्खियों का हमला, भगदड़ मचने से 25 लोग घायल; 13 अस्पताल में भर्ती
उधर, रविवार को हुए चार आइएएस अधिकारियों के तबादले में वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिकारी की एक साथ पदस्थापना का मामला सामने आ गया। भोपाल नगर निगम में 2018 के बैच के अधिकारी रामप्रकाश अहिरवार को आयुक्त बनाया है।
निगम में इसी बैच के अक्षय कुमार तेम्रवाल अपर आयुक्त हैं, जो आइएएस अधिकारी की पदक्रम सूची में नए आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार से वरिष्ठ हैं। सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह विषय हमारे संज्ञान में है और पदस्थापना के समय इस पर विचार भी हुआ था। जल्द ही इसका समाधान निकाल दिया जाएगा।