
शशिकांत तिवारी, नईदुनिया, भोपाल। देश में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के संरक्षित स्मारकों से प्राचीन मूर्तियां, शिल्प, शिलालेख, धातु की कलाकृतियां और स्थापत्य के ऐतिहासिक हिस्सों की चोरी के मामलों में मध्य प्रदेश पहले स्थान पर है।
वर्ष 1960 से अब तक चोरी हुए 488 पुरावशेषों में 142 यानी 29.1 प्रतिशत मध्य प्रदेश के हैं। जबकि राजस्थान में 91 और उत्तर प्रदेश में 86 पुरावशेष चोरी हुए हैं। यह जानकारी एएसआई की एक रिपोर्ट में सामने आई है। चोरी गई अधिकतर धरोहरें अब तक बरामद नहीं हो सकी हैं।
प्रदेश के गुना, ग्वालियर, मुरैना, शिवपुरी, भिंड, विदिशा, रायसेन, कटनी, खंडवा, सतना, दमोह और बड़वानी जिलों के मंदिरों से शिवलिंग, विष्णु और गणेश प्रतिमाएं, जैन तीर्थंकरों की मूर्तियां, यक्ष प्रतिमाएं और मंदिरों के स्थापत्य हिस्से भी चोरी किए जा चुके हैं।
ताजा मामला जुलाई 2026 में शिवपुरी के नरवर किले से 400 साल पुरानी 3.5 टन वजनी तोप की चोरी का है। पुलिस की जांच में यह तो पता लग गया कि यह तोप चोरी करके राजस्थान ले जाई गई, लेकिन उसे बरामद अभी भी नहीं किया जा सका है।
मध्य प्रदेश की चोरी गई धरोहरों का संबंध अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से भी सामने आया। कटनी से 2006 में चोरी हुई करीब 2200 साल पुरानी भरहुत यक्षी को अमेरिका में करीब 80 करोड़ रुपये में बेचने की तैयारी थी। 2011 में अंतरराष्ट्रीय पुरावस्तु कारोबारी सुभाष कपूर के न्यूयॉर्क स्थित गोदाम से प्रतिमा बरामद कर उसे जर्मनी से गिरफ्तार किया गया।
यह भी पढ़ें- एमपी में अगले 2 साल में खुलेंगे 22 नए मेडिकल कॉलेज, MBBS की 12 हजार सीटें बढ़ेंगी, जल्द जारी होंगे टेंडर
वह तिरुचि (तमिलनाडु) की केंद्रीय जेल में है। वहीं, मध्य प्रदेश से चोरी हुई सेलेस्टियल डांसर (देवता) की प्राचीन प्रतिमा अमेरिका से नवंबर 2024 में भारत वापस लाई गई। अमेरिका से 2026 में भारत वापस लाई गई पुरावस्तुओं में शामिल नृत्य करते गणेश की प्रतिमा भी मध्य प्रदेश से चोरी हुई थी।
अगस्त 2026 में भोपाल में ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्रियों की बैठक में धरोहरों की पहचान, दस्तावेजीकरण और विदेश से वापसी के लिए सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। इसके बाद से एएसआई और मध्य प्रदेश पुरातत्व संचालनालय का सबसे अधिक जोर धरोहरों का दस्तावेजीकरण (डॉक्यूमेंटेशन) बेहतर करने पर है।
चोरी की अधिकतर घटनाएं काफी पुरानी हैं। स्मारकों में सुरक्षा प्रबंध बेहतर करने के साथ पर्याप्त सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं। हमारा यह भी प्रयास है कि पुरावशेषों का डॉक्यूमेंटेशन बेहतर हो, जिससे उन्हें बरामद करना आसान हो सके।- यदुवीर सिंह रावत, महानिदेशक, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण