
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में मौसम का मिजाज इन दिनों आंख-मिचौनी खेल रहा है। मंगलवार को प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा, लेकिन दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव हुए। प्रदेश के चार बड़े शहरों के तापमान के आंकड़े बताते हैं कि राजधानी भोपाल में दिन के तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और पारा 35 से लुढ़ककर 33.4 डिग्री पर आ गया, वहीं रात के पारे में 2.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई और न्यूनतम तापमान 18.2 से बढ़कर 20.4 डिग्री दर्ज किया गया।
इंदौर में भी दिन का पारा 0.7 डिग्री गिरकर 34.8 डिग्री रहा, जबकि रात में 0.2 डिग्री की मामूली नरमी रही। ग्वालियर में दिन का तापमान 1.1 डिग्री चढ़ा, लेकिन रात में 0.4 डिग्री कम हुआ। जबलपुर में दिन और रात दोनों में 0.7-0.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विज्ञानी प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि वर्तमान में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं। एक उत्तर-पश्चिम यूपी के ऊपर और दूसरा उत्तर पाकिस्तान व जम्मू के ऊपर। इसके अलावा पूर्वी राजस्थान और पूर्वी यूपी पर ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण बने हुए हैं। हालांकि दक्षिण प्रायद्वीप में शुरू हो रहे उत्तर-पूर्वी मानसून का असर मप्र पर नहीं पड़ेगा।
यूपी में बने सिस्टम के चलते 15 अक्टूबर को श्योपुर, मुरैना और भिंड में और 16 अक्टूबर को मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में हल्की वर्षा के आसार हैं। वहीं 17 अक्टूबर को रीवा, सतना, मऊगंज समेत 19 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें- दिवाली से पहले इंदौर की जनता को राहत... मास्टर प्लान रोड पर 31 अक्टूबर से शुरू होगा ट्रैफिक, दौड़ेंगी गाड़ियां