
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कई हिस्सों में इन दिनों बारिश गायब है और तीखी धूप आम जनता को सता रही है। बुधवार को भोपाल में सुबह से ही इतनी तेज धूप निकली, मानो जैसे गर्मी का सीजन चल रहा हो। तीखी धूप और उमस के कारण लोग गर्मी से बेहाल नजर आए। भोपाल में तापमान का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है।
सोमवार को जो पारा 32.8 डिग्री था, वह मंगलवार को 33.2 और बुधवार को बढ़कर 33.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालांकि जबलपुर, रीवा और पचमढ़ी में हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन सतना में तापमान 36.5 डिग्री के साथ सबसे अधिक रिकॉर्ड किया गया। यही हाल दतिया का भी रहा, जहां पारा 36.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
पूरे प्रदेश में यह लगातार तीसरा दिन है जब कहीं भी अच्छी बारिश नहीं हुई है। मानसूनी सीजन में पानी न बरसने से औसत वर्षा का ग्राफ तेजी से नीचे आ रहा है। मंगलवार को जो बारिश का आंकड़ा औसत से 7 प्रतिशत कम था, वह बुधवार को बढ़कर 11 प्रतिशत कम हो गया है, जो चिंता का विषय है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले तीन-चार दिनों तक प्रदेश के मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। उत्तर-पश्चिम यूपी पर ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर सक्रिय है। इसके असर से 18 और 19 जुलाई को शहडोल, अनूपपुर, रीवा और सीधी जैसे पूर्वी इलाकों में बारिश हो सकती है, लेकिन पश्चिमी इलाकों को राहत के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा।
यह भी पढ़ें- धार भोजशाला विवाद: मस्जिद से अलग नमाज की तलाश शुरू, मंदिर पक्ष बोला- 300 मीटर के दायरे में मंजूर नहीं!