
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा, हालांकि ग्वालियर और सतना में दिनभर काले बादल छाए रहे। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय नए मौसमी तंत्र के कारण आज से प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी इलाकों में वर्षा की गतिविधियां शुरू होने जा रही हैं।
मौसम विज्ञानी प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि जम्मू-कश्मीर और पंजाब के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है, जबकि दक्षिण हरियाणा के ऊपर हवा का चक्रवातीय घेरा सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश से पूर्वी मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र होते हुए अरब सागर तक एक ट्रफ लाइन गुजर रही है।
हरियाणा में बने इसी चक्रवात के प्रभाव से मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ वर्षा का दौर शुरू हो रहा है। गुरुवार को रतलाम और धार में दिन का पारा तीन डिग्री तक चढ़ा, जबकि नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी और उमरिया में रात का तापमान चार डिग्री तक बढ़ गया।
प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां गुरुवार देर रात से शुरू होकर अगले चार दिनों तक जारी रहेंगी। गुरुवार देर रात नीमच, श्योपुर, मुरैना, ग्वालियर, मंदसौर और भिंड में हल्की वर्षा हो सकती है, जबकि शुक्रवार 16 अक्टूबर को श्योपुर, मुरैना, भिंड, ग्वालियर और शिवपुरी में हल्की वर्षा के आसार हैं। इसके बाद 17 अक्टूबर को ग्वालियर समेत उत्तरी मध्य प्रदेश के 14 जिलों में वर्षा की संभावना है। वहीं 18 अक्टूबर को रीवा समेत 12 जिलों में और 19 अक्टूबर को पूर्वी इलाके के सतना समेत आठ जिलों में बौछारें पड़ने की उम्मीद है।
भोपाल: अधिकतम 32.8°C | न्यूनतम 17.6°C
इंदौर: अधिकतम 33.9°C | न्यूनतम 17.8°C
ग्वालियर: अधिकतम 34.7°C | न्यूनतम 21.1°C
जबलपुर: अधिकतम 33.7°C | न्यूनतम 20.2°C
(नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में है)
यह भी पढ़ें- रस्सी से गला घोंटा, फिर करंट लगाकर की हत्या... बड़वानी हत्याकांड का खुलासा, आरोपी को भेजा गया जेल