
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। उत्तर भारत की तरफ से आ रही ठंडी हवाओं ने प्रदेश को ठिठुरा दिया है। इसके असर से राजधानी में एक ही रात में पारा 4.5 डिग्री लुढ़ककर 9.9 डिग्री पर आ गया। यह सामान्य से 3.1 डिग्री कम रहा। इससे पहले 2017 में 25 नवंबर की रात को पारा 9.6 दर्ज हुआ था। यह सीजन में पहली बार 10 डिग्री से नीचे न्यूनतम तापमान रहा है।
वहीं अधिकतम तापमान में भी 2.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 26.2 दर्ज किया गया। हालांकि तूफान अकवान के असर से अगले तीन दिन में रात के पारे में इजाफा होने के आसार मौसम विज्ञान केंद्र ने जताए हैं।
इसके साथ अधिकतम तापमान में स्थिरता बनी रहेगी, यानी तापमान में न अधिक इजाफा होगा न अधिक गिरावट होगी। गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न इलाकों में इसी तरह की गिरावट दर्ज की गई।
पूरे प्रदेश में उमरिया सबसे ठंडा रहा, जहां रात का पारा 9.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा रीवा में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री और जबलपुर में 9.8 डिग्री दर्ज किया गया। रायसेन में रात के तापमान में सबसे अधिक 4.9 डिग्री की गिरावट आई, जिससे पारा 10.5 डिग्री पर आ ठहरा। दमोह और खजुराहो में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन के तापमान में भी खासी गिरावट देखी गई, इंदौर में पारा 4.2 डिग्री गिरकर 25.5 डिग्री पर आ गया, जबकि मलाजखंड में दिन का तापमान सबसे कम 24.2 डिग्री और बैतूल में 25.0 डिग्री रहा।
मौसम विज्ञानी पीके रायकवार ने बताया कि शुक्रवार से प्रदेश में अकवान तूफान का असर दिखने लगेगा। इसका प्रभाव 22 नवंबर तक रहेगा। शुक्रवार को बालाघाट, सिवनी, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और मऊगंज में गरज-चमक के साथ हल्की से तेज वर्षा होने के आसार हैं। इस दौरान रात के तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी होगी, लेकिन तूफान का असर खत्म होते ही पारा फिर से दो से तीन डिग्री नीचे लुढ़केगा।
सर्द हवाओं के चलते दिन के तापमान में आई गिरावट के बावजूद धूप में ठंडक का अहसास हुआ। इस सीजन में पहली बार लोग दोपहर में भी स्वेटर, जैकेट और शॉल जैसे गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। मौसम में आए इस बदलाव से शाम होते ही ठिठुरन और तेज महसूस हो रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में दोस्त ने कराई बकरा कारोबारी से 17.90 लाख की लूट, जेल से छूटते ही वारदात; 1000 CCTV से खुला राज