
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में गुलाबी ठंड की आहट के साथ तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा, जबकि धार और इंदौर जिलों में हल्की वर्षा हुई। धार में चार मिलीमीटर और इंदौर में एक मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रीवा में रात सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 15.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसके अलावा उमरिया में 15.4 डिग्री और सीधी में 16.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पारा दर्ज किया गया।
वहीं, नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में दिन सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। दूसरी ओर, छतरपुर जिले के खजुराहो में दिन का पारा सबसे अधिक 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद गुना और रतलाम में 34.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। राजधानी भोपाल में दिनभर तीखी धूप निकली, जिससे गर्मी और उमस से लोग परेशान हुए। उमरिया में सुबह के समय में आर्द्रता 90 प्रतिशत और बालाघाट जिले के मलांजखंड में 87 प्रतिशत तक पहुंच गई, जिससे सुबह हल्की धुंध और ठंडक का असर देखा गया।
मौसम विज्ञानी प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि अगले पांच दिन प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। इससे अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर में हल्की वर्षा हो सकती है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में 22 लाख फूंककर भूल गया नगर निगम... चौक बाजार में 10 साल से बंद पड़े हैं फायर हाइड्रेंट