_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मानूसन की विदाई के बाद प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। इस दौरान दिन और रात के तापमान में काफी अंतर देखा जा रहा है। दोपहर में जहां तेज धूप और गर्मी पसीने छुड़ा रही है, वहीं देर रात और अलसुबह ठंडक होने लगी है।
सोमवार को प्रदेश के शहरों में दिन और रात के तापमान में औसतन करीब 13.7 डिग्री सेल्सियस का अंतर रिकार्ड हुआ। मौसम विज्ञानी वहीद खान ने बताया कि मालवा-निमाड़ क्षेत्र में पारे में अधिक उतार-चढ़ाव देखा गया। इंदौर में दिन का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रात का पारा लुढ़ककर 17.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
यानी यहां दिन और रात के बीच 18.1 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है। इसी तरह धार में 17.5 डिग्री सेल्सियस, भोपाल में 16.0 डिग्री सेल्सियस और बैतूल में 14.0 डिग्री सेल्सियस का अंतर दर्ज किया गया।
प्रदेश में दिन के समय सबसे अधिक तपिश ग्वालियर, धार, राजगढ़ और छतरपुर जिले के खजुराहो में महसूस हुई। वहीं दूसरी ओर रात के समय सबसे सर्द हवाएं इंदौर, बैतूल, छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में चलीं।
मौसम केंद्र के अनुसार मंगलवार को पूर्वी मध्य प्रदेश के सतना, पन्ना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली और शहडोल जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा के आसार हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर में मासूम बच्ची के पैर पर चढ़ गई कचरा गाड़ी, गुस्साए लोगों ने की ड्राइवर पर कार्रवाई की मांग